हिमाचल प्रदेश में 74वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान कोविड-19 महामारी के मद्देनजर सामाजिक दूरी का पूर्ण रूप से पालन किया गया। ध्वजारोहण के साथ-साथ पुलिस, गृह रक्षक, एसएसबी और आईटीबीपी के जवानों की ओर से प्रस्तुत मार्च पास्ट समारोह के मुख्य आकर्षण रहे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कुल्लू के ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय ध्वज फहराया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजभवन में राज्यपाल बंडारू दतात्रेय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस टुकड़ियों की सलामी ली।
Independence Day: आजादी के रंग में रंगी देवभूमि, देखें शानदार तस्वीरें
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पुलिस, आईटीबीपी, गृह रक्षक तथा एनसीसी कैडेटों के द्वारा प्रस्तुत आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली। उप पुलिस अधीक्षक वीनि मिन्हास ने परेड की अगुवाई की। मुख्यमंत्री ने निदेशक सूचना एवं प्रौद्योगिकी आशुतोष गर्ग को मुख्यमंत्री सेवा संकल्प-1100 हेल्पलाइन के माध्यम से प्रदेश की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए तथा सिरमौर जिला के पूर्व उपायुक्त ललित जैन को पर्यावरण संरक्षण एवं रोजगार सृजन के लिए हिमाचल प्रदेश सिविल सर्विस अवार्ड वर्ष 2020 से सम्मानित किया।
उन्होंने मंडी के वरिष्ठ पत्रकार और प्रसिद्ध छायाकार बीरबल शर्मा को हिमाचल गौरव पुरस्कार.2020 प्रदान किया। इसके अतिरिक्त मंडी जिला के जाने-माने गायक बालकृष्ण शर्मा, विख्यात चिकित्सक मंगत राम डोगरा और लोक गायक नरेंद्र ठाकुर को भी हिमाचल गौरव पुरस्कार-2020 से सम्मानित किया।
उन्होंने ऊना जिला के भरवाईं क्षेत्र के संदीप कुमार को सामाजिक एवं साहसिक कार्यों के लिए जबकि खेल के क्षेत्र में प्रशंसनीय एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए शिमला जिला की अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट खिलाड़ी सुषमा वर्मा को भी सम्मानित किया। सीएम जयराम ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत इस अवसर पर नशा निवारण वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 31 मार्च, 2021 तक कुल्लू, मंडी, शिमला और चंबा जिले में यह अभियान चलाया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने कांगड़ा के धर्मशाला में आयोजित समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश विधानसभा को देश की पहली ई-विधानसभा होने का गौरव प्राप्त हुआ है। प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों को ई-विधानसभा प्रबंधन प्रणाली से जोड़ा गया है ताकि विधानसभा के सभी सदस्यों को उनके मोबाइल पर विकासात्मक कार्य की सूचना मिल सके। इस अवसर पर उन्होंने कोरोना योद्धाओं को भी सम्मानित किया। इस दौरान तिब्बती कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति दी।