भारत और पाकिस्तान के बीच बुधवार को तनाव काफी बढ़ गया है। इसके बाद हिमाचल में सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
गौर हो कि मंगलवार को भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तानी सीमा में घुसकर आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया था। जिसके बाद आज सुबह पाकिस्तानी विमानों ने भारतीय वायुसीमा का उल्लंघन किया। इतना ही नहीं पाकिस्तान ने भारतीय सीमा में बम भी गिराए।
बुधवार को मुख्य सचिव बीके अग्रवाल ने आपात बैठक बुलाई। इसमें अफवाहें फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए। मुख्य सचिव बीके अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सभी एहतियाती उपाय करें। उन्होंने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा।
अग्रवाल ने सभी संगठनों ओर एजेंसियों से उच्च सतर्कता बरतने का आग्रह किया। कहा कि यदि किसी को सुरक्षा की आवश्यकता पड़ती है तो उन्हें प्रशासन को तुरंत संपर्क करना चाहिए। सभी उपायुक्तों व पुलिस अधीक्षकों को अधिक सतर्कता बरतने के आदेश दिए।
मुख्य सचिव ने आपात बैठक में सेना, अर्द्धसैनिक बलों, संचार, खुफिया एजेंसियों, राष्ट्रीय राजमार्ग अथॉरिटी के प्रतिनिधियों के अलावा अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह, डीजीपी सहित सरकार के तमाम प्रमुख अधिकारियों के साथ मंत्रणा की। बैठक में केंद्रीय एजेंसियों की ओर से मुख्य सचिव को बताया गया कि भारत-पाक के साथ तनाव की इस स्थिति के बीच केंद्र सरकार ने पहले से ही सतर्कता के आदेश जारी किए हैं।