हिमाचल में दो दिन धूप खिलने के बाद फिर मौसम के तेवर बदल रहे हैं। लोहड़ी से पूर्व प्रदेश में बर्फबारी के फिर से आसार बन गए हैं। मौसम विभाग की मानें, तो वीरवार शाम से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी शुरू हो जाएगी।
हिमाचल में फिर बिगड़ेगा मौसम, इस दिन भारी बर्फबारी की चेतावनी
दस से तेरह जनवरी तक प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होगी। बारह जनवरी को हिमाचल के मध्य पर्वतीय इलाकों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर एवं लाहौल स्पीति में भारी बर्फबारी होने की चेतावनी जारी की गई है।
चौदह को मौसम साफ रहेगा। पंद्रह जनवरी से फिर बारिश व बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डा. मनमोहन सिंह का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 10 से 13 जनवरी तक बारिश-बर्फबारी होगी।
बुधवार को शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। धूप खिलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। तापमान में भी दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है लेकिन कई इलाकों में अभी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पर्यटन नगरी मनाली समेत जनजातीय क्षेत्रों में पारा शून्य से नीचे चल रहा है।
शहर न्यूनतम तापमान
केलांग - 11.0
कल्पा - 7.0
मनाली - 4.0
मंडी 0.3
कुफरी 0.7
भुंतर 0.8
धर्मशाला 2.2
शिमला 3.4