वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू होने से हिमाचल में कई सेवाएं और चीजें शुक्रवार आधी रात से महंगी हो गई हैं। आपको इनके लिए अब ज्यादा पैसे देने होंगे। साथ ही कुछ चीजें सस्ती भी होंगी। आइए जानते हैं क्या सस्ता तो क्या महंगा हो गया है-
एक समान टैक्स प्रणाली से आगामी दिनों में दवाओं की कीमतों में भी गिरावट आएगी। खासतौर पर गरीब तबके के लोगों को सस्ती जेनेरिक दवाएं उपलब्ध होंगी। हिमाचल दवा निर्माता संघ के अध्यक्ष एचएन सिंगला ने बताया कि जीएसटी से दवाओं को बाहर रखा गया है। निश्चित तौर पर आगामी दिनों में दवाएं सस्ती होंगी।
विश्वविख्यात कुल्लू शॉल जीएसटी लागू होने से महंगी मिलेगी। हालांकि स्लैब अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन भुट्टिको प्रबंधन का कहना है कि एक हजार से कम दाम वाली शॉल को पांच प्रतिशत टैक्स के दायरे में रखा गया है। जबकि इससे महंगी शॉल पर 12 प्रतिशत टैक्स लगेगा। भुट्टिको में तैयार किए जाने वाले रेडिमेड कपड़े 18 फीसदी टैक्स के दायरे में रहेंगे।
वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू होने से हिमाचल के होटलों में शुक्रवार आधी रात से रहना सस्ता, जबकि रेस्तरां में खाना-पीना महंगा हो गया है। होटलों में एक हजार रुपये से कम किराये वाले कमरों का रहना पूरी तरह से टैक्स फ्री हो गया है।
4999 रुपये तक का कमरा लेने पर अधिकतम 18 फीसदी टैक्स ही लगेगा जबकि इससे पूर्व सभी होटलों के कमरों पर 19 फीसदी की दर से टैक्स लिया जा रहा था। वहीं रेस्तरां में 5 फीसदी वैट की जगह अब 12 फीसदी जीएसटी देना होगा।