चंडीगढ़ में बरसात जारी है। बारिश ने जहां शहरवासियों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दी, वहीं पूरे शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर गई।
वीरवार को हुई 34 मिमी बारिश के बाद शहर के लगभग सभी प्रमुख मार्गों और चौकों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सुबह से लेकर देर शाम तक वाहन रेंगते रहे और हजारों लोग दफ्तर, स्कूल और अन्य जगह घंटों देरी से पहुंचे। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
2 of 5
चंडीगढ़ में बरसात
- फोटो : अमर उजाला
सुबह शुरू हुई बारिश के बाद सबसे अधिक दबाव शहर के प्रमुख ट्रैफिक जंक्शनों पर देखने को मिला। ट्रैफिक पुलिस को कई स्थानों पर सिग्नल सिस्टम हटाकर मैनुअल ट्रैफिक संचालन करना पड़ा लेकिन इसके बावजूद हालात सामान्य नहीं हो सके।
दोपहर करीब तीन बजे तक जाम की स्थिति बनी रही और शाम को कार्यालयों की छुट्टी के समय शहर लगभग थम गया। हल्लोमाजरा चौक, एयरपोर्ट लाइट पॉइंट, हाउसिंग बोर्ड चौक, ट्रिब्यून चौक और ट्रांसपोर्ट चौक पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
3 of 5
चंडीगढ़ में बरसात
- फोटो : अमर उजाला
बारिश के कारण सेक्टर-17 से 22 मार्ग पर यातायात लगभग थम गया। बापूधाम से सेंट कबीर स्कूल तक वाहन बेहद धीमी गति से चलते रहे। ट्रांसपोर्ट चौक की ओर जाने वाला मार्ग पूरी तरह दबाव में रहा जबकि पंचकूला-चंडीगढ़ सीमा पर भी दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। कई लोगों को अपने कार्यालय और स्कूल पहुंचने में सामान्य दिनों की तुलना में दोगुना समय लगा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने और जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी से वाहन चलाने की अपील की।
4 of 5
चंडीगढ़ में बरसात
- फोटो : अमर उजाला
बारिश ने मौसम का मिजाज भी पूरी तरह बदल दिया। पिछले 24 घंटे में 34 मिमी वर्षा दर्ज की गई जिससे अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे गिरकर 28.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बारिश के बाद अधिकतम सापेक्ष आर्द्रता 94 प्रतिशत और न्यूनतम 82 प्रतिशत दर्ज की गई। 1 जून से अब तक शहर में कुल 102.2 मिमी मौसमी वर्षा रिकॉर्ड हो चुकी है।
5 of 5
चंडीगढ़ में बरसात
- फोटो : अमर उजाला
मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल ने बताया कि मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। 10 से 14 जुलाई तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। 9 और 10 जुलाई के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है जबकि 11, 12 और 13 जुलाई को भी कई स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। 14 जुलाई के बाद मौसम में कुछ राहत मिल सकती है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 29 से बढ़कर 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।