कानपुर के बिकरू गांव में सीओ समेत आठ पुलिसकर्मियों की हत्या और आठ पुलिसकर्मियों पर हमला करने के मुख्य आरोपी विकास दुबे की पत्नी ऋचा ने मुख्यमंत्री सहित पीड़ित परिवारों से माफी मांगी है। ऋचा ने अमर उजाला से बातचीत में कहा कि विकास ने जो कृत्य किया, वह दंडनीय है। इसकी कोई माफी नहीं हो सकती, लेकिन इस कांड से बच्चे और पत्नी का कोई लेना देना नहीं है। वह बार-बार दावा कर रही थी कि गंभीर बीमारी के कारण विकास को गुस्सा आ जाता था इसी कारण उसने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया।
ऋचा ने बताया कि 2 जुलाई की रात करीब दो बजे विकास ने फोन कर सूचना दी कि गांव में उसका विवाद हो गया और वह बच्चों को लेकर कहीं छिपने के लिए निकल जाए। इस पर उसकी विकास से काफी कहासुनी हुई। ऋचा ने बताया कि गुस्से में उसने अपना मोबाइल भी पटक दिया। इसके बाद वह पैदल ही दोनों बच्चों को लेकर निकल गई। उसे समझ नहीं आ रहा था कहां जाए।
कॉलोनी में देवर का मकान था, लेकिन वह भी घर छोड़ चुके थे। ऐसे में वह फिनिक्स मॉल के पास एक निर्माणाधीन कांप्लेक्स की छत पर पहुंची, जहां खुले आसमान के नीचे रात में सोती और दिन में बच्चों के साथ इधर-उधर समय काट रही थी। बेटे की बीमारी की वजह से नहीं आई पुलिस के सामने ऋचा के मुताबिक वह वारदात के दूसरे दिन ही पुलिस के सामने आना चाहती थी, लेकिन बड़ा बेटा बीमार था। डर था कि अगर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया तो बड़े बेटे की देखरेख कौन करेगा। पांच दिन बाद वह घर लौट रही थी तभी कुछ दूरी पर पुलिस ने पकड़ लिया। बड़ा बेटा भी साथ था, लेकिन जूते का फीता खुलने से वह बांधने के लिए रुक गया। इसी दौरान पुलिस ने उसे छोटे बेटे के साथ पकड़ लिया।
बच्चों को काबिल बनाने के लिए रहती थी अलग
ऋचा के मुताबिक उसके बच्चे पढ़ने में होशियार थे। उन पर पिता का साया न पड़े। इसलिए अलग रहती थी। बड़ा बेटा एमबीबीएस कर रहा है, जबकि छोटा बेटा भी 10वीं में 91 प्रतिशत अंकों के साथ पास हुआ है। विकास से शादी के दो साल बाद अलग होकर वह शास्त्री नगर स्थित मायके में रहने लगी थी। सात साल बाद वह लखनऊ आ गई। यहां विकास का आना-जाना था। कभी एक दिन तो कभी दो दिन रुक कर गांव चला जाता था।
5 of 5
विकास दुबे व उसका सहयोगी।
- फोटो : अमर उजाला
ऋचा ने बताया कि वह बच्चों के साथ सिर्फ विशेष आयोजन पर ही गांव जाती थी। विकास की करोड़ों रुपये की संपत्ति का दावा गलत है, हकीकत ईडी जांच में सामने आ जाएगी। उसने कहा कि उसे देश की न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।