सत्रहवीं शताब्दी की वास्तुकला और नवाबी दौर की बेहतरीन कारीगरी का नमूना बड़ा इमामबाड़ा, भूलभुलैया और छोटा इमामबाड़ा एक बार फिर से पर्यटकों के इस्तकबाल के लिए तैयार है। पर्यटन विभाग की नई गाइडलाइन के तहत हुसैनाबाद ट्रस्ट ने रविवार को बड़ा इमामबाड़ा, छोटा इमामबाड़ा और पिक्चर गैलरी को सैनिटाइज कराया।
कोरोना काल के चलते बंद चल रहीं शहर की इन ऐतिहासिक धरोहरों को पर्यटकों के लिए धीरे-धीरे खोलने की कवायद शुरू हो चुकी है।
बड़ा इमामबाड़ा के प्रभारी हबीबुल हसन और छोटे इमामबाड़ा के प्रभारी कमर अब्बास ने बताया कि कोरोना गाइडलाइन के तहत तमाम व्यवस्थाएं की गई है। बगैर मास्क किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही मुख्य द्वार पर थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था रहेगी।
बैठक में तय होगी पर्यटन केंद्र खोलने की रणनीति
पर्यटन केंद्रों को खोलने को लेकर सोमवार को बैठक होगी। उम्मीद जताई जा रही है कि बैठक के बाद मंगलवार से पर्यटन स्थल खुल सकते हैं। हालांकि पहले इन्हें सोमवार से खोलने की तैयारी थी। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अनुपम श्रीवास्तव ने बताया कि अनलॉक चार में पर्यटकों के लिए बड़ा इमामबाड़ा, छोटा इमामबाड़ा, पिक्चर गैलरी सहित अन्य ऐतिहासिक इमारतें खोलने के लिए पर्यटन विभाग ने नई गाइडलाइन बनाई है।
पहले सोमवार से पर्यटन केंद्रों को खोलने की तैयारी थी, लेकिन अब सोमवार को बैठक में पर्यटन केेंद्रों को खोलने की तारीख फाइनल की जाएगी। उन्होंने बताया कि दो महीने पहले ही रेजीडेंसी खोला जा चुका है। इस दौरान जुलाई में 365 और अगस्त में 1100 दर्शक रेजीडेंसी देखने पहुंचे हैं।