अमौसी एयरपोर्ट पर हवाई पट्टी का विस्तार कानपुर रोड तक किया जाएगा। इसे यूरोपीय देशों की तर्ज पर विस्तार देने की तैयारी है। इसके तहत लखनऊ-कानपुर हाइवे नीचे अंडरपास से गुजारेगा, जबकि रनवे ऊपर होगा, जहां से विमान उड़ान भरेंगे। इस बाबत नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया को पत्र लिखा गया है। इससे रनवे की लंबाई छह सौ मीटर तक बढ़ सकेगी। फिलहाल लंबाई 2,742 मीटर है।
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्री सुविधाओं को लेकर लगातार प्रयास चल रहे हैं। अपग्रेडेड फायर फाइटिंग सिस्टम से लेकर करीब तेरह सौ करोड़ रुपये से नया टर्मिनल टी-3 बनाया जा रहा है। इसी क्रम में एयरपोर्ट के रनवे की लम्बाई बढ़ाने की कोशिशें पिछले काफी समय से चल रही हैं।
फिलहाल रनवे की लंबाई पूर्वी छोर की ओर बढ़ाने पर जोर है। इसके लिए राज्य सरकार से जमीन मांगी जा रही है। एयरपोर्ट प्रशासन की माने तो इससे पांच सौ मीटर लम्बाई बढ़ जाएगी। एयरपोर्ट पर विमान सेवाओं के विस्तार के लिए रनवे की लंबाई का अंतरराष्ट्रीय मानक 3,500 मीटर है, जबकि अमौसी एयरपोर्ट का रनवे 2,742 मीटर है।
ऐसे में पूर्वी छोर के अतिरिक्त रनवे की लम्बाई बढ़ाने के लिए पश्चिमी छोर का सहारा लिया जाएगा। इसके लिए लखनऊ-कानपुर हाइवे की ओर रनवे बढ़ाने का खाका तैयार किया जा रहा है। पूरा एयरपोर्ट करीब बारह सौ एकड़ में फैला हुआ है। एयरपोर्ट की काफी जमीन पश्चिमी छोर पर हाइवे के आगे पड़ी हुई है।
हाइवे के अंडरपास से गुजरने पर एयरपोर्ट यह जमीन आसानी से रनवे विस्तार के लिए इस्तेमाल कर सकेगी। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, इस ओर करीब 800 मीटर तक लंबाई बढ़ाई जा सकेगी। जबकि पूर्वी छोर पर रनवे की लंबाई पांच मीटर बढ़ जाएगी। हालांकि, हाइवे के ऊपर से रनवे गुजारने को लेकर काफी अड़चनें हैं, जिस पर मंथन शुरू हो गया है।