नए नोट के लिए दिनभर जद्दोजहद करने वाले लोगों में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब देश में नमक खत्म होने की अफवाह फैल गई। लोग नमक खरीदने के लिए दौड़ पड़े।
लखनऊ समेत कई जिलों में नमक के लिए जमकर बवाल हुआ। कई जगह तो नमक की बोरियां ही लूट लिया गया। मारपीट भी हुई। कई जगह नमक 200 से 400 रुपये किलो तक बिका।
राजधानी में स्थिति से निपटने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ा। देर रात मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सूबे में नमक का भंडार पर्याप्त मात्रा में है। जो भी नमक खत्म होने की अफवाह फैला रहा है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अफवाह फैलने के बाद दुकानों पर एकाएक नमक के लिए भीड़ बढ़ गई। इसका फायदा उठाते हुए व्यापारियों ने भी नमक के दाम कई गुना तक बढ़ा दिए थे। पुराने लखनऊ में नमक खरीदने को लेकर लोगों की दुकानदारों से झड़प हुई। कई जगह नमक की बोरियां लूटे जाने की भी सूचना है।
नमक को लेकर अफरा-तफरी मचने के बाद कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका से सरकार भी तुरंत हरकत में आ गई। मुख्यमंत्री अखिलेश ने मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद तथा सभी जिलाधिकारियों को अफवाहों पर अंकुश लगाने का निर्देश दिया। सभी जिला पूर्ति अधिकारियों को नमक की उपलब्धता सुनिश्चित कराने को कहा गया है।