ट्रेनों में यात्री सुविधाओं को बढ़ाने का बखान करने वाले रेलवे के जिम्मेदारों की आंखें खोल देने के लिए यह खबर काफी है।
कोच में पानी व सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं की बात छोड़िए अब तो एसी कोच में यात्रियों को चूहे व कॉक्रोच मारने पड़ रहे हैं। हद तो ये है कि टिकट के रूप में यात्रियों से अच्छी खासी रकम वसूलने वाले रेलवे के जिम्मेदार यात्रियों की शिकायतों के बाद भी मुंह फेर ले रहे हैं।
मामला ट्रेन संख्या 15058 आनंद विहार-गोरखपुर एक्सप्रेस का है। शुक्रवार को इस ट्रेन के एसी कोच में सफर करने वाले यात्रियों को चूहों व कॉक्रोच ने अपनी धमाचौकड़ी से परेशान कर दिया।
बेहाल यात्रियों ने इनसे राहत दिलाने के लिए रेलवे के जिम्मेदारों से शिकायत की तो कार्रवाई के नाम पर सिर्फ आश्वासन मिला। नतीजा ये कि यात्रियों का पूरा सफर दुश्वारियों की भेंट चढ़ गया।
वहीं ऐसी ही परेशानी ट्रेन 13050 डुप्लीकेट पंजाब मेल के यात्रियों को उठानी पड़ी। सिंक का पानी टपकने से पूरी बोगी में पानी भर गया और गंदगी उतराने लगी। स्टेशनों पर शिकायत के बाद भी ट्रेन की सफाई नहीं हुई। इसी तरह 19305 इंदौर गुवाहाटी एक्सप्रेस के यात्री एसपी सिंह ने ट्रेन में पानी नहीं होने की शिकायत की।