राजधानी लखनऊ व आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार शाम से ही रुक-रुक कर बारिश होती रही जिससे कि लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। वहीं, बुधवार सुबह भी बादल छाए रहे और कभी तेज तो कभी धीमी बारिश होती रही।
इससे लोगों को ऑफिस जाने में मुश्किल हुई। हालांकि, लखनऊ में करीब 11 बजे के बाद बादल तो छाए रहे पर बारिश नहीं हुई।
इससे पहले मंगलवार को सुबह से बादलों की धूप संग आंख मिचौली भले ही जारी रही हो, लेकिन दोपहर को छाए बादलों ने मौसम को सुखद बना दिया। दोपहर मौसम के बदले तेवरों ने शहर में कहीं तेज तो कहीं धीमी बारिश से लोगों को तरबतर किया। कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी ही हुई। दोपहर के समय ट्रांसगोमती समेत अधिकांश हिस्सों में आधे-पौने घंटे की बरसात ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई।
कानपुर रोड समेत आसपास के हिस्सों में बादलों की आवाजाही रही। बेमेल बारिश का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि जहां ट्रांसगोमती के कई हिस्सों में आधे घंटे से अधिक समय तक मध्यम, हल्की बारिश का दौर जारी रहा तो शहर के अन्य हिस्सों में छिटपुट बूंदाबांदी हुई। दिन का अधिकतम तापमान 33.4 और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
वायुमंडल में अधिकतम आर्द्रता 92% रिकॉर्ड की गई। मौसम विज्ञान केंद्र मौसम विज्ञानियों के मुताबिक लखनऊ समेत शुक्रवार तक बादलों की आवाजाही लगी रहने के साथ कहीं मध्यम तो कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।
लगातार बारिश होने से कई जगह जलभराव हो गया। लगातार बारिश होने से कई जगह जलभराव हो गया। वहीं, जहां सड़कों पर गड्ढे हैं वहां लोगों को मुश्किलें भी हुईं।