शादी के एक साल बाद पहली बार गोसाईगंज स्थित अपनी ससुराल आने का मौका मिलने पर मुंबई की प्रियंका बुलेट से महज 30 घंटे में मुंबई से अयोध्या पहुंची। करीब 1730 किमी. की यह दूरी प्रियंका ने अकेले ही तय की। प्रियंका की यह पहली सबसे लंबी ड्राइव थी, उनकी इच्छा थी कि अपनी पहली सबसे लंबी ड्राइव पर वह अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम का दर्शन पूजन करें।
वह गोवा, गुजरात आदि का सफर बुलेट से तय कर चुकी हैं। इसके लिए उन्हें कई सम्मान भी मिल चुके हैं। बाइक राइडर्स प्रियंका का नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में भी दर्ज है।
मुंबई के घाटकोपर निवासी बाइक राइडर्स प्रियंका (29) ने अयोध्या के गोसाईगंज इलाके के राम महर गांव निवासी कमलेश निषाद से 2019 में प्रेम विवाह किया था। शादी के करीब एक वर्ष बाद जब उसे पहली बार अपनी ससुराल आने का मौका मिला तो उसने अकेले ही बुलेट से सफर करने की ठानी।
वह 26 अक्तूबर को मुंबई से रवाना हुईं। 1730 किमी. की यह यात्रा महज 30 घंटे में तय किया। इस दौरान महज आठ जगहों पर कुछ देर के लिए विश्राम भी किया। वह 27 अक्तूबर की शाम अयोध्या पहुंचीं।
प्रियंका ने रामलला, हनुमानगढ़ी, कनक भवन, सरयू तट आदि का दर्शन पूजन किया। इसके बाद वह अपने ससुराल गोसाईगंज के राम महर गांव पहुंचीं। प्रियंका ने बताया कि नासिक, गुना, शिवपुरी, झांसी, कानपुर, लखनऊ में उनका स्वागत भी किया गया।