दलीप ट्रॉफी के फाइनल में खिताब के लिए दिनेश कार्तिक की इंडिया रेड और सुरेश रैना की इंडिया ब्ल्यू की टीम कुछ नए चेहरों के साथ मुकाबले में उतरेगी। इकाना स्पोर्ट्स स्टेडियम में होने वाले फाइनल की पूर्व संध्या में पर दोनों टीमों के दिग्गज खिलाड़ियों ने शाम के सत्र में फ्लड लाइट्स की रोशनी में जमकर पसीना बहाया।
खासतौर पर सभी की नजरें टीम इंडिया में वापसी के लिए प्रयासरत तेज गेंदबाज इशांत शर्मा पर टिकी हुई थी, जिसे बीसीसीआई ने खासतौर पर दलीप ट्रॉफी खेलने को कहा है।
उधर भारतीय टीम से बाहर चल रहे सुरेश रैना भी फील्ड पर काफी चुस्त दुरस्त दिखे, जिन्हें यो-यो टेस्ट के दौरान बीसीसीआई की ओर से अनफिट करार दिया गया था।
इसके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक भी यहां दमदार प्रदर्शन करके टीम इंडिया में जगह के लिए अपना दावा ठोकेंगे। प्रदर्शन की बात करे तो रेड को प्रियांक पांचाल की गैरमौजूदगी खलेगी, जिन्होंने दो लीग मुकाबलों में 293 रन बनाकर प्रतिद्वंद्वी खेमे में खलबली मचा दी थी। इसके अलावा टीम में कई नए चेहरे जुड़ने होेेने के कारण रेड को सामंजस्य बैठने में दिक्कतें आएगी।
इंडिया ब्ल्यू के कप्तान सुरेश रैना ने कहा कि फाइनल मुकाबला पांच दिन का होगा। इसलिए हमें हर दिन अच्छा खेलना होगा। तेज गेंदबाजों की बात करे तो इशांत के आने के बाद टीम को मजबूती मिली है। दूसरे छोर पर पंकज सिंह और जयदेव उनादकट उनका साथ निभाएंगे। टीम का स्पिन डिपार्टमेंट भी बेहतर है। लीग में भले ही हमारी टीम रेड से बीस रही थी, लेकिन हम यह फाइनल है और सब कुछ नया होगा। इसलिए हम प्रतिद्वंद्वी टीम को हल्के में लेकर नहीं उतरेंगे।