देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या हर रोज लगभग एक लाख बढ़ रही है। अब तक 83 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। कुछ ही दिनों में भारत कोरोना संक्रमितों की संख्या में पहले स्थान पर होगा। ये सब जानते हुए भी लोगों में कोराना संक्रमण को लेकर कोई भय नहीं हैं। खुलेआम कोरोना प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया जा रहा है।
ये तस्वीरें लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट की हैं। जहां लोग कोरोना प्रोटोकॉल का खुलकर उल्लंघन करते नजर आ रहे हैं।
एयरपोर्ट पर लोग न तो सोशल डिस्स्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं और न ही मास्क ही पहन कर घूम रहे हैं। किसी ने गले में मास्क लटका रखा है तो किसी ने ठीक तरह से नहीं पहना है। अब इन्हें कौन समझाए कि कोरोना की वैक्सीन आने में समय लगेगा और ऐसा करके वो अपने साथ ही दूसरों के लिए भी खतरा बढ़ा रहे हैं।
अगर लखनऊ की ही बात करें तो हर रोज कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा होता जा रहा है। हर रोज मरीजों की रिकॉर्ड संख्या सामने आ रही है। शुक्रवार को 1244 नए संक्रमित मिले। इसके साथ कुल मरीजों की संख्या 43,204 हो गई है।
शुक्रवार को मिले मरीजों की संख्या ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। एक दिन का आंकड़ा 1244 होने से स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई है। इससे पहले 11 सितंबर को 1181 व 12 सितंबर को 1117 मरीज मिले थे।
अमौसी एयरपोर्ट का एक दृश्य।