जुलाई से लखनऊ की दो बड़ी योजनाओं पर काम शुरू हो जाएगा। वहीं चारबाग का विस्तार बाद में होगा।
अमौसी एयरपोर्ट केनए टर्मिनल टी-थ्री और गोमतीनगर रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण जमीन पर दिखने लगेगा। टी-थ्री पर जहां 1,230 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं गोमतीनगर स्टेशन के विस्तार पर रेलवे 1,910 करोड़ रुपये खर्च करेगा।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) ने अमौसी एयरपोर्ट पर नए टर्मिनल टी-थ्री निर्माण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह टर्मिनल जर्मनी के फ्रैंकफर्ट की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। जहां 60 लाख पैसेंजर सालाना सफर कर सकेंगे।
इससे लखनऊ में हवाई सेवाएं कहीं बेहतर हो जाएंगी। वहीं दूसरी ओर रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण(आरएलडीए) व नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कारपोरेशन(एनबीसीसी) की ओर से पूर्वोत्तर रेलवे के गोमतीनगर व चारबाग रेलवे स्टेशन के विस्तार का खाका मुकम्मल कर लिया गया है।
चूंकि, स्टेशनों के विकास के लिए आरएलडीए को भूमि की आवश्यकता थी और गोमतीनगर स्टेशन पर जमीन खाली पड़ी हुई है, लिहाजा आरएलडीए जुलाई से गोमतीनगर स्टेशन के विस्तार का काम शुरू करने जा रहा है। इस बाबत पूर्वोत्तर रेलवे व आरएलडीए के बीच कई चरणों में बातचीत हो चुकी है।