चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, अमौसी में बहुत जल्द प्रवेश के लिए फोर लेन तो निकास के लिए फाइव लेन की सुविधा मिल जाएगी।
दोनों द्वारों के चौड़ीकरण पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की भी मुहर लग गई है। वाहनों का प्रवेश वीआईपी रोड से ही होगा वहीं निकासी कॉमर्शियल व वीआईपी रोड, दोनों से हो सकेगी। एयरपोर्ट पर अगर आपको फ्लाइट पकड़ने के लिए जाना है तो काफी पहले घर से निकलना पड़ता है। इसकी वजह हैं शहर के मुख्य मार्ग और एयरपोर्ट जाने वाली सड़कों पर लगने वाला जाम है।
कई बार स्थिति यह होती है कि पैसेंजरों को अपनी कार, कैब व ऑटो मुख्य सड़क पर ही छोड़कर पैदल एयरपोर्ट टर्मिनल तक आना पड़ता था। इसकी शिकायतें एयरपोर्ट प्रशासन से होती रही हैं। वहीं पैसेंजरों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से सड़कों के चौड़ीकरण का ब्लूप्रिंट तैयार कर उसका प्रस्ताव भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को भेजा गया था।
जिस पर अनुमति मिल गई है। इससे सड़कों के चौड़ीकरण का काम जल्द शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। ताकि एयरपोर्ट आने वाले यात्रियों को राहत हो सके।
सीधे एयरपोर्ट के डिपार्चर गेट तक पहुंच सकेंगे यात्री
अभी अमौसी एयरपोर्ट पर प्रवेश वीआईपी रोड की ओर से होता है, जबकि निकासी कॉमर्शियल रोड से होती है। लेकिन ब्लूप्रिंट के अनुसार, निकासी की सुविधा वीआईपी रोड की ओर भी होगी। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि वीआईपी तिराहे की ओर से पैसेंजरों को एंट्री करनी होगी। यह रोड आगे बढ़ने पर सामुदायिक केंद्र के सामने बनने वाले फ्लाईओवर से जुड़ेगी।