जेट एयरवेज की फ्लाइट मात्र 50 मिनट में लखनऊ से इलाहाबाद पहुंचा रही है, लेकिन इलाहाबाद से लखनऊ वापसी का सफर 1.20 घंटे में पूरा हो रहा है। टिकट बुकिंग वेबसाइटों पर दी जा रही इस जानकारी से यात्री पसोपेश में हैं।
एक ही रूट होने के बावजूद टाइमिंग में 30 मिनट के फर्क को लेकर टिकट बुक कराने वाले उलझन में हैं। इसकी शिकायतें भी दर्ज हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम (आरसीएस) यानी उड़ान योजना के तहत शहरों को हवाई सेवा से जोड़ा जा रहा है। इसी क्रम में 14 जून से लखनऊ से इलाहाबाद के लिए पहली सीधी उड़ान जेट एयरवेज की ओर से शुरू की गई है। हालांकि टिकट बुकिंग वेबसाइटों पर दी जा रही जानकारी से यात्री कुछ उलझन में हैं।
अलीगंज निवासी नेहा सिंह ने बताया कि वह मेक माय ट्रिप से बुधवार के लिए इलाहाबाद के टिकट बुक कराने गईं तो चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट से जेट एयरवेज (9डब्लू 3555) की उड़ान की टाइमिंग सुबह 7.05 बजे की थी। जो 7.55 बजे इलाहाबाद पहुंच रही थी। यानी सफर में कुल पचास मिनट का समय लग रहा था। वहीं, जब इलाहाबाद से लखनऊ वापसी के लिए टिकट बुक कराया तो फ्लाइट (9डब्लू 3556) दोपहर 12.30 बजे रवाना होकर 1.50 बजे अमौसी पहुंच रही थी। सफर में कुल एक घंटे बीस मिनट का समय लग रहा था, जिससे माथा ठनक गया।
इंदिरानगर निवासी आकाश सेठ ने भी यह समस्या सोशल मीडिया पर उठाई। इस बाबत अमौसी एयरपोर्ट के विशेष कार्याधिकारी संजय नारायण ने बताया कि तकनीकी स्तर पर ऐसा संभव नहीं है। दरअसल, विमान का एक रूट तय होता है। तय गति और ऊंचाई पर ही वह उड़ान भरता है। ऐसे में आने व जाने में लगने वाला समय समान ही होगा। टिकट बुकिंग वेबसाइटों पर गलत फीडिंग हो सकती है, जिसे ठीक कराया जाना चाहिए।
भा रही इलाहाबाद की फ्लाइट
सस्ती होने के कारण लखनऊ से इलाहाबाद की हवाई यात्रा लोगों को खासी भा रही है। जेट एयरवेज के स्टेशन मैनेजर सुनीता शर्मा ने बताया कि एटीआर श्रेणी का विमान इस्तेमाल होता है, जिसमें 72 सीटें होती हैं। सुविधा यात्रियों को पसंद आ रही है। रोजाना करीब साठ लोग यात्रा कर रहे हैं। वापसी की फ्लाइट भी भरी रहती है। लखनऊ से इलाहाबाद की फ्लाइट का किराया 1,385 रुपये है।