ट्रेनों में बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रहे यात्रियों को अब ऑनलाइन टिकट बुकिंग में भी परेशान होना पड़ रहा है।
ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए उपयोग में लाए जाने वाले रेलवे के सॉफ्टवेयर क्रिस में गड़बड़ी के चलते यात्रियों को गलत और दूसरी ट्रेनों का पीएनआर अलाट कर दिया जा रहा है। ऐसा ही एक मामला सोमवार को रेलमंत्री पीयूष गोयल तक पहुंचा।
इसमें यात्री ने रेलमंत्री से शिकायत की कि उसने ऑनलाइन राजधानी एक्सप्रेस का टिकट बुक कराया था, लेकिन उसे विशाखा एक्सप्रेस का पीएनआर मिल गया। इसके चलते उसे ऐन वक्त पर अपनी यात्रा निरस्त करनी पड़ी।
सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सेंटर (क्रिस) के जरिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर यात्रियों के ऑनलाइन टिकट बुक होते हैं। सॉफ्टवेयर को समय-समय पर अपग्रेड करने की जरूरत होती है।
चूंकि, ऑनलाइन टिकट बनवाने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है, इसलिए सॉफ्टवेयर व आईआरसीटीसी पर लोड बढ़ रहा है। बावजूद इसके क्रिस के अधिकारी सिस्टम को अपडेट रखने के प्रति लापरवाह है।