हाथों में कूचियां, स्केच कलर, नजर के सामने ड्राइंग शीट और जेहन में मां...। कुछ इसी अंदाज में मंगलवार को लखनऊ शहर के 35 स्कूलों से आए हजारों बच्चों ने मां के विविध रूपों को अपने रंगों में ढाला तो सुबह की पहली किरण भी ममतामयी हो गई।
विश्व मातृ दिवस से पूर्व 'अमर उजाला' की ओर से आयोजित 'मां तुझे प्रणाम' चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने रंगों के जरिये मां की ममतामयी मूरत के साथ उसके बच्चों के प्रति प्रेम को दर्शाया।
कक्षा एक से 12 तक के इन बच्चों में से अधिकतर अपने स्कूलों के जरिए आयोजन में शरीक होने पहुंचे थे। वहीं कई अपने अभिभावकों के साथ आयोजन का हिस्सा बने। बच्चों द्वारा बनाई गई तस्वीरों में मां के अलग-अलग रूप देखने को मिले।
अतिथियों ने भी सराहा
आयोजन में महिला एवं बाल कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, राज्यमंत्री अर्चना पांडेय, प्रभारी मंत्री स्वाति सिंह, एमएसएमई व निर्यात प्रोत्साहन मंत्री सत्यदेव पचौरी, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार संदीप सिंह पहुंचे और बच्चों से बातचीत की। वहीं डीजीपी ओपी सिंह भी आयोजन में पहुंचे और बच्चों से बातचीत करते हुए उनकी तस्वीरों को जमकर सराहा।
कार्यक्रम में मौजूद कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी।
बच्चों के बीच आयोजन में मौजूद यूपी के पुलिस महानिदेशक ओम प्रकाश सिंह।
आयोजन में बड़ी संख्या में बच्चों ने हिस्सा लिया।
विश्व में सबसे बड़ा स्थान होता है मां का
मां की ममता अनमोल है। रंगों के माध्यम से इसकी अभिव्यक्ति जितना करें उतना कम है। मॉन्टफोर्ट इंटर कॉलेज के छात्र प्रथम, हर्ष, अंशिका मेहविश, प्राची, सुकृति व अन्य छात्रों ने मां के प्रति इसी प्यार और सम्मान का रंगों के माध्यम से इजहार किया। उन्होंने मां के विभिन्न रूपों को रंगों के माध्यम से दर्शाने का भरपूर प्रयास किया। संदेश दिया कि मां का स्थान संसार में सबसे बड़ा होता है।