लखनऊ में गुरुवार देर रात से ही कभी तेज तो कभी धीमी बारिश का दौर शुक्रवार दोपहर तक जारी रहा। कुछ जगहों पर हल्की-फुल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। शुक्रवार सुबह बारिश के चलते लोगों को ऑफिस जाने में मुश्किल हुई शहर में कई जगह जलभराव भी हुआ।
दोपहर के समय धूप संग बादलों की आंख मिचौली का दौर अभी पांच-छह दिनों तक जारी रह सकता है। मौसम विज्ञानी के मुताबिक प्रदेश के करीब सक्रिय चल रहे मौसमी सिस्टम अभी कमजोर नहीं हुए हैं, राजधानी समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम का यही अंदाज बरकरार रहेगा।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्त ने गुरुवार को बताया कि मध्य प्रदेश के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। साथ ही प्रदेश के करीब से मानसून की ट्रफ लाइन अभी गुजर रही है। मौसमी बदलाव का यह सिस्टम अभी भी सक्रिय है, जिसमें आने वाले दिनों में कोई खास बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।
जिसके चलते आने वाले दिनों में राजधानी समेत प्रदेश के अधिकतर पूर्वी हिस्सों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। वीकेंड में भी लखनऊ समेत आसपास के इलाकों में बादलों की आवाजाही के बीच छिटपुट बूंदाबांदी हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
गिरकर 30 डिग्री पहुंचा पारा
बीते दो दिनों से राजधानी में रुक रुक कर हो रही बारिश का क्रम गुरुवार को भी जारी रहा। रात भर बूंदाबांदी, रिमझिम बारिश के बाद सुबह से ही शहर के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश ने लोगों को भिगोया। हालांकि इससे मौसम खुशनुमा हो गया। दोपहर में बारिश थमी तो बादलों की आवाजाही के साथ हवा के झोंकों ने खुशनुमा एहसास कराया।