फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   Lalji Tandon Death News: his relation with lucknow atalji and mayawati all about him

Lalji Tandon Death: लखनऊ तुम पर फिदा और तुम फिदा-ए-लखनऊ, जानें कैसे बने 'लल्लू' से सबके 'लालजी'

Tue, 21 Jul 2020 10:44 AM IST
पूजा त्रिपाठी अखिलेश वाजपेयी, अमर उजाला, लखनऊ
अखिलेश वाजपेयी, अमर उजाला, लखनऊ Published by: पूजा त्रिपाठी Updated Tue, 21 Jul 2020 10:44 AM IST
सार

  • सियासत के ही नहीं कुश्ती के अखाड़े के भी रहे पहलवान
  • लखनऊ की तस्वीर बदली, शिया-सुन्नी विवाद का कराया समाधान

विज्ञापन
Lalji Tandon Death News: his relation with lucknow atalji and mayawati all about him
लालजी टंडन - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

कन्नौज की माटी से रिश्ता रखने वाला आम बालक चौक की गलियों में घूमते-घूमते और ज्वाला मस्त के अखाड़े में दांव-दांव लगाते-लगाते राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का स्वयंसेवक 'लल्लू ' से लखनऊ व यूपी वालों के ही नहीं सियासी दुनिया के लिए कब व कैसे 'लालजी' बन गया, इसकी कहानी खासी दिलचस्प है। लल्लू नाम क्यों पड़ा? तो टंडन ने एक बार स्वयं ही बताया था कि छोटी संतान होने के नाते सभी लोग उन्हें प्यार से 'लल्लू' कहने लगे थे। बड़े होने पर आसपास के लोग उन्हें लालजी नाम से पुकारने लगे।

विज्ञापन


लल्लू से बाबू जी

भले ही लोगों ने उन्हें यूं ही लालजी नाम से पुकारना शुरू कर दिया हो लेकिन वह लखनऊ के लिए वास्तव में 'लाल' (बेशकीमती) जैसे ही थे और लखनऊ उन्हें भी अपने 'लाल' (पुत्र) जैसा प्रिय था । उनका सफर सिर्फ लल्लू से लालजी टंडन पर ही आकर नहीं रुका बल्कि छोटों के लिए वहआगे चलकर 'बाबू जी' भी बन गए। लोग उन्हें सिर्फ 'बाबू जी' कहकर संबोधित ही नहीं करते थे बल्कि उनका व्यवहार भी 'बाबू जी' जैसा था। गलती हुई तो डांट मिली गुस्सा कम हुआ तो समझाने लगे। वर्ष 2009 में टंडन के सांसद चुने जाने के बाद भाजपा ने उनकी राजनीतिक विरासत लखनऊ पश्चिम से अमित पुरी को उम्मीदवार बनाकर सौंपी थी।
विज्ञापन


पुरी बताते हैं कि बाबू जी की जेब एक तरह से भाजपा के नौजवानों एवं विद्यार्थी परिषद में काम करने वाले कई साथियों जो प्रदेश में कैबिनेट मंत्री और केंद्र में सांसद तक बने, के लिए अपनी गुल्लक जैसी थी। 'बाबू जी' का पितृवत स्नेह जेब से रुपया निकालते इन लोगों का हाथ पकड़कर रोकता भी नहीं था। वह कभी पीठ तो कभी गाल पर धौल जमाते थोड़ा बनावटी गुस्सा दिखाते और मुस्कराते हुए कहते थे, 'तुम लोग सुधरोगे नहीं। ' मुस्कराते हुए और हंसते हुए छोटों से स्नेहपूर्ण व्यवहार और हम उम्र लोगों से बेलौस हंसी-मजाक करने वाले टंडन की जिंदगी प्रेरक इस मायने में मानी जाएगी कि उन्होंने जिंदगी के सारे सरोकारों को छुआ ।
विज्ञापन
विज्ञापन


हर सरोकार का ख्याल
वह ऐसे राजनेता थे जिन्होंने पत्रकारिता व साहित्य में भी कलम आजमाई। आंदोलनकारी और सियासी घटनाक्रमों के सूत्रधार भी रहे। क्रांतिकारियों व वरिष्ठ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सरोकारों से भी वह हमेशा जुड़े दिखे। बड़े व व्यस्त राजनेता होने के बावजूद साहित्यकारों की मंडली के साथ सहज भागीदारी, रामलीला के आयोजनों से सीधा सरोकार तो होली के जुलूस में आम आदमी जैसे उत्साह से भागीदारी ।

गंदी हो रही गोमती को सजाने व संवारने के साथ उसे स्वच्छ करने की चिंता तो लखनऊ में अखाड़ों की खत्म हो रही परंपरा की टीस के साथ उन्हें लखनऊ के कथक घरानों की लखनऊ से हो रही दूरी, भांट और शोहदों जैसे दृश्यों के लखनऊ से गायब होने के दर्द उन्हें आम राजनेताओं से अलग ख़ड़ा करते थे । लखनऊ के सरोकारों, संस्कृति और इतिहास से जुड़ा शायद ही कोई पहलू ऐसा रहा हो जो उनके दिलों की धड़कन में न धड़कता रहा हो । यहां तक काफी हाउस पर भी जब-जब संकट आया तो टंडन उसे बचाने के लिए आगे खडे़ दिखे।

लखनऊ की विरासत बचाने का सवाल हो या यहां की संस्कृति संवारने का अथवा इस शहर का सही इतिहास नई पीढ़ी को बताने की चिंता, टंडन सभी जगह खुद आगेऔर जिम्मेदारी को कंधे पर उठाए नजर आए । वैसे उन्होंने लखनऊ की विरासत और समृद्ध सांस्कृतिक सरोकारों से नई पीढ़ी को परिचित कराने के लिए 'अनकहा लखनऊ' नाम से एक किताब भी लिखी लेकिन उनका इरादा लखनऊ का विस्तृत इतिहास लिखने का भी था । कई बार इस पर बात भी की । काम भी शुरू किया था लेकिन वह पूरा हुआ या नहीं , इसका पता अभी नहीं है ।

लखनऊ की विरासत पर गर्व

Lalji Tandon Death News: his relation with lucknow atalji and mayawati all about him
लालजी टंडन(फाइल फोटो) - फोटो : Amar Ujala

लखनऊ की विरासत और पहचान पर हमला उन्हें तिलमिलाकर रख देता था । मायावती से मुंहबोले बहन-भाई का रिश्ता होते हुए भी जब तत्कालीन मुख्यमंत्री के रूप में बसपा नेता ने यहां पेरियार की मूर्ति लगाने की घोषणा की तो टंडन ने उसका खुलकर विरोध किया । कहा कि पेरिराार की मूर्ति हमारी भावनाओं पर चोट है । लक्ष्मण नगरी में राम का विरोध करने वाले पेरियार की मूर्ति नहीं लग सकती। वह बेबाकी से कहते थे कि लखनऊ को राम के अनुज लक्ष्मण ने ही बसाया था। इसीलिए वह उन लोगों पर बरबस नाराज भी हो जाते थे जो लखनऊ का इतिहास चंद इमारतों और नवाबों तक देखते थे । इसीलिए अखिलेश सरकार में जब लक्ष्मण टीला कहे जाने वाले स्थान पर टीले वाली मस्जिद का बोर्ड लगाया गया तब भी उन्होंने सख्त आपत्ति उठाते हुए कहा कि पर्यटन के बहाने ही सही लेकिन लखनऊ के इतिहास अनुचित छेड़छाड़ की जा रही है। जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।

वह कहते थे कि लखनऊ का इतिहास सिर्फ नवाबों, इमारतों और बेगमों तक सीमित नहीं है । इससे बहुत पुराना है । बावजूद इसके लखनऊ के बड़े मुस्लिम धर्मगुरुओं के साथ उनका सहज संवाद और घनिषठता लोगों को धोखे में डाल देती थी । पर, बात अगर राजनीति, संस्कृति और धर्म पर आ गई तो सामने वाले को अपने तार्किक बातों से चुप करने में भी वह पीछे नहीं थे । रामभद्राचार्य जैसे बड़े संतों के साथ भी उनका स्वाभाविक सानिध्य रहा तो स्व. रामचंद्र परमहंस और गोरखपीठ के दिवंगत महंत अवैद्यनाध से भी उनका सहज रिश्ता रहा। प्रदेश में जब भाजपा की सरकार बनी और उसमें टंडन मंत्री बने तो उन्होंने पूरे देश में हर साल सुर्खियां बटोरने वाले राजधानी के कई दशक पुराने उस शिया-सुन्नी विवाद का सर्वमान्य समाधान कराकर लखनऊ में स्थाई शांति का रास्ता खोला। नहीं तो इससे पहले यही विवाद लखनऊ में प्रतिवर्ष खूनखराबा और कर्फ्यू की वजह बनता था ।

सबके लिए खुले द्वार

सांसद रहे या राज्यपाल लेकिन उन्हें जो मजा लखनऊ की महफिल में आता था वह कहीं नहीं आया । जिसे वह जब-तब जाहिर भी कर देते थे । 'मेरो मन अनत कहां सुख पावै, जैसे उड़ जहाज को पंछी फिर जहाज पर आवे।' लखनऊ के पत्रकारों का उनके साथ रिश्ता अद्भुत था । बड़े नेता थे तो मीडिया के निशाने पर जब-तब आ ही जाते थे । उस पर झल्लाते भी थे लेकिन जैसे ही खबर लिखने वाला दिखाई दिया तो मानों उन्हें याद ही नहीं रहता था कि उनके खिलाफ क्या छपा है, घर के मुखिया की तरह हंसते हुए सिर्फ यह कहना, 'जनाब आए हैं लाओ भाई कुछ बढ़िया चीजें खिलाओ ' माहौल को हल्का बना देता था।

पार्टी के भीतर भी और बाहर भी राजनीति में कभी-कभार कुछ तल्खियां हो ही जाती थीं लेकिन वह भी कुछ देर को । पत्रकार हों या राजनेता, साहित्यकार हो या संस्कृति कर्मी, अपनी विचारधारा का व्यक्ति हो या विरोधी लेकिन उनके दरवाजे सभी के लिए हमेशा खुले रहते थे । बड़े नेता रहे मंत्री रहे लेकिन रात 12-1 बजे भी उनसे फोन पर बात करने में कभी दिक्कत नहीं आई । बेतकुल्फी इतनी कि कोई उनसे चाट की दावत मांगता तो कोई कुल्फी, ठंडाई व आम की।

वह भी पीछे नहीं रहते उल्टे यदि किसी ने लंबे समय तक उनसे बात नहीं की तो वह खुद ही उससे चाट, कुल्फी व ठंडाई की दावत दे देते । उनकी मेजबानी का जवाब नहीं था। भाजपा या संघ के अब तक शीर्ष नेताओं में ही नहीं दूसरे दलों के प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं में गिनती के ऐसे लोग होंगे जिन्हें टंडन का मेहमान बनने का मौका न मिला हो । मंत्री रहे, सांसद रहे या राज्यपाल लेकिन उनसे मिलना कभी मुश्किल नहीं रहा । लोगों को मालूम था कि वह अगर लखनऊ में हैं तो शाम को हजरतगंज वाले ठिकाने पर जरूर मिलेंगे । जहां न कोई रोक होगी और न कोई टोकने वाला।

बदलाव के शिल्पी

Lalji Tandon Death News: his relation with lucknow atalji and mayawati all about him
लालजी टंडन- पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी(फाइल फोटो) - फोटो : social media

बतौर नगर विकास मंत्री उन्होंने लखनऊ के स्वरूप को बदला । पुराने लखनऊ की पतली गलियों की जगह चौड़ी और साफ सड़कें बनवाई। तालाबों का सुंदरीकरण और चौराहों को सुव्यवस्शित करने का काम किया । पुराने लखनऊ में ही नहीं प्रदेश के सभी नगरों में सीवर लाइन डलवा तक हाथ से मैला उठाने की परिपाटी पर विराम लगाने की दिशा में काम किया । पुराने कुओं (इंदारा कुआं) को साफ कराकर उनमें मोटर लगवाकर लोगों की पेयजल की कमी दूर करने का अभिनव प्रयोग किया।

यह सही है कि उनके लिए कई काम बतौर तत्कालीन सांसद अटल बिहारी वाजपेयी के कारण आसान हो गए थे लेकिन बड़ी संख्या में ओवरब्रिज का निर्माण, शहर से गंदगी दूर करने के लिए कालोनियों व मोहल्लों में डेयरियों को बाहर करने जैसे चुनौतीपूर्ण काम को उन्होंने जिस तरह बखूबी अंजाम दिया उसे भुलाया नहीं जा सकता । राजधानी होने के बावजूद शहर में कोई बड़ा सभागार न होने की टीस ने उन्हें कन्वेंशन सेंटर जैसे भवन के निर्माण का संकल्प दिलाया ही नहीं बल्कि तमाम बाधाओं के बावजूद पूरा भी कराया।

लोगों को वैवाहिक समारोह या अन्य कार्यक्रम करने के लिए कल्याण मंडप के रूप में सस्ती दर पर सभी जरूरी सुविधाओं से युक्त जगह उपलब्ध कराने की कल्पना भी टंडन की ही थी । बतौर आवास मंत्री उन्होंने 5, 10 और 15 रुपये प्रतिदिन के भुगतान पर गरीबों को शहरों में आवास मुहैया कराने का सफल प्रयोग कर दिखाया । जिसकी सराहना हुई और दूसरे राज्यों ने भी उनका अनुसरण किया । उन्होंने गोमती की सफाई का बीड़ा ही नहीं उठाया बल्कि खुद इस काम में अग्रिम मोर्चे पर डटे रहते थे । शहर को साफ करने के लिए नालों का डाइवर्जन जैसे काम करके उन्होंने अपनी दूरदर्शिता साबित की । कल्याण सिंह सरकार में ऊर्जा मंत्री बने तो उन्होंने सबसे पहले प्रदेश में बिजली संकट से निजात को उस समय वर्षों से अटके 'अनपरा-बी' पावर हाउस को पूरा कराया।

रिश्तों में चोट भी

Lalji Tandon Death News: his relation with lucknow atalji and mayawati all about him
लालजी टंडन के पौत्र का विवाह।(फाइल फोटो) - फोटो : amar ujala

छोटी उम्र से ही सामाजिक सरोकारों में रुचि लेने वाले टंडन के रिश्तों को परिभाषित करना आसान नहीं था । नजदीकी लोगों में कुछ के उन्हें प्रतिष्ठा पर चोट करने वाले फैसले भी झेलने पड़े । जिन मायावती को उन्होंने भाजपा का समर्थन दिलाकर मुख्यमंत्री बनाया और राखी बांध बहन का भी दर्जा दिया उन्होंने ही एक दिन अचानक उनके करीबी अधिकारियों को रातोंरात लखनऊ से हटाकर उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को चोट पहुंचाने की कोशिश की ।

इंदिरा गांधी की सरकार के खिलाफ जेपी आंदोलन में भी बढ़-चढकर हिस्सा ही नहीं लिया बल्कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने उन्हें भाई महावीर के साथ समग्र क्रांति आंदोलन का उत्तर प्रदेश का सहसंयोजक बनाया । पर, आपातकाल के बाद जब चुनाव की नौबत आई और जीत तय थी तो उन हेमवती नंदन बहुगुणा ने ही उनका टिकट कटवा दिया जिनके साथ उनके घनिष्ठ रिश्ते माने जाते थे । टिकट कटवाने के बाद बहुगुणा टंडन के यहां खेद प्रगट करने आए तो टंडन ने कोई शिकायत नहीं की।

टंडन के राजनीतिक जीवन में आरोप-प्रत्यारोप के दौर भी चले । उनके विपक्षी नेताओं से मधुर रिश्तों पर भी टीका-टिप्पणियां हुई । लखनऊ नगर निगम के महापौरों डॉ. दाऊ जी गुप्त, डॉ. पी.डी. कपूर और अखिलेश दास से रिश्ते अपनों व गैरों की टीका-टिप्पणी का मुद्दा भी बने । पर, टंडन ने हर बार सिर्फ मुस्कराकर टाल दिया ।

संकल्प से सिद्धि तक
आम नेताओं से अलग व्यापारी शैली में धोती-कुर्ता पहनने वाले टंडन देखने में जितना सरल थे उतना ही संकल्पों को लेकर दृढ़ रहने वाले थे । जनसंघ और भाजपा के हर महत्वपूर्ण पड़ाव के वह नजदीकी गवाह रहे । भाजपा के स्थापना के तुरंत बाद जब पहली राष्ट्रीय कार्यसमिति की जगह तय होने का समय आया तो उन्होंने लखनऊ का नाम आगे कर दिया । साथ ही यहां गोमती होटल में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की भव्य बैठक कराकर नेतृत्व को अपनी सांगठनिक क्षमता का परिचय दे दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed