जगह : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, सैफई-इटावा का क्षेत्र
समय : रविवार रात 2 बजे
वाहन : स्कैनिया बस, यूपी70 एफटी 2355
यह किसी थ्रिलर फिल्म का सीन नहीं। 90 किमी की रफ्तार से दौड़ती बस। पर, चालक लूडो खेलने में मगन रहा। यात्री नींद की आगोश में थे। कोई टोकने वाला नहीं। थोड़ी-सी चूक 50 लोगों की जिंदगी खतरे में डाल सकती थी। चालक को ऐसा करते अगर आप देखें तो कैसा एहसास होगा? इस घटना का पूरा वीडियो ‘अमर उजाला’ के पास है। देखे वीडियो-
कंडक्टर बोला-चिंता न कीजिए..., ड्राइवर एक्सपर्ट है
बस के कंडक्टर से मालूमात की तो उसने जवाब दिया- चिंता न कीजिए..., सतेंद्र सिंहजी एक्सपर्ट हैं... और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे में कोई परेशानी नहीं होती। यह लापरवाही उस वक्त दिखी जब सड़क सुरक्षा सप्ताह चलाया जा रहा है, लेकिन परिवहन विभाग के ड्राइवर ने देर रात के समय और ज्यादा सतर्क होने के बजाए अपनी व सो रहे करीब 50 यात्रियों की जान को खतरे में डाल दिया। बीते दिनों चलती रोडवेज बस में हादसों के कई मामले सामने आए, लेकिन इनसे कोई सबक नहीं लिया जा रहा।
बस में व्हाट्सएप चलाने की हो चुकी शिकायत
22 अप्रैल को यात्री करतार सिंह ने अपने ट्विटर अकाउंट @erkartar पर फोटो अपलोड कर बताया था कि किस तरह चलती बस में भी ड्राइवर व्हाट्सएप का मोह नहीं छोड़ पा रहे। यह लापरवाही दोपहर तीन बजे लखनऊ से दिल्ली के लिए निकली स्कैनिया बस यूपी70 0699 में दिखी थी।
अफसर बोले, मामला सही निकला तो होगी कड़ी कार्रवाई
मामले पर उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम के चीफ जनरल मैनेजर ऑपरेशंस, एचएस गाबा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, चलती बस में ड्राइवर का मोबाइल पर गेम खेलना बेहद संगीन मामला है। हम साक्ष्यों का अध्ययन करवाएंगे और मामला सही साबित हुआ तो दोषी पर कड़ी कार्रवाई करेंगे। हम रात में सुरक्षा और सजगता सुनिश्चित करने के लिए आगे भी जांच करवाते रहेंगे।