दुस्साहसी शोहदों ने बुधवार शाम लखनऊ के पीजीआई इलाके में जमकर उत्पात मचाया। दबंग शोहदे घर में घुस गए और घर पर भाई-बहनों के साथ अकेली कक्षा 11 की छात्रा से छेड़छाड़ शुरू कर दी।
विरोध पर शोहदों ने उसकी बहन से भी अश्लील हरकतें कीं। छात्राएं शोहदों से भिड़ गईं तो उन्होंने असलहे तानकर मारपीट की। चीख-पुकार सुनकर लोग एकत्र होने लगे तो वह जानमाल की धमकी देते हुए भाग गए। छात्रा ने बृहस्पतिवार सुबह परिवारीजनों को बताया जिसके बाद शोहदों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र नाथ राय का कहना है कि शोहदे घर से भागे हुए हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
पीड़ित छात्रा का कहना है कि शोहदे दो महीने से उसे परेशान कर रहे हैं। उसने बताया कि माता-पिता की मौत के बाद वह दो छोटी बहनों और दो भाइयों के साथ अपने चाचा के साथ उनके घर पर रह रही है। उसके चाचा एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। कुछ दिन पूर्व शोहदों ने ही उनकी पिटाई की थी।
बुधवार शाम परिवारीजन किसी काम से बाहर गए थे तभी इलाके का ही महंगू भीतर घुस आया और छात्रा से छेड़छाड़ शुरू कर दी। शोहदे महंगू का साथी रामलाल वहां आ गया और तमंचा तानकर उसकी छोटी बहन से भी अभद्रता व अश्लीलता की। छात्रा ने विरोध किया तो दोनों ने मिलकर उसकी व भाई-बहनों की पिटाई कर दी और धमकी देते हुए भाग निकले।
बृहस्पतिवार सुबह छात्रा ने अपनी बुआ को आपबीती सुनाई तो उनके होश उड़ गए। वह तुरंत छात्रा को लेकर पीजीआई थाना पहुंची और महंगू व रामलाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।