बाहुबली मुख्तार के करीबी व पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह की हत्या करने वाले शूटरों के रोडवेज बस से राजधानी से बाहर भागने की आशंका जताई जा रही है। हत्याकांड की छानबीन में जुटी पुलिस को गुरुवार दोपहर कमता बस अड्डे पर दो बाइक लावारिस खड़ी मिलीं जिन पर खून लगा हुआ था। बाइक में चाबी भी लगी हुई थी। पुलिस इन्हीं बाइक से हत्यारों तक पहुंचने का सुराग ढूंढ रही है।
एडीसीपी समेत तमाम अधिकारी और क्राइम ब्रांच कमता बस अड्डे पहुंची और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इस बीच वारदात के वक्त अजीत के साथ मौजूद मोहर सिंह की तरफ से गैंगस्टर ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू , अखंड प्रताप सिंह और वाराणसी के कन्हैया विश्वकर्मा उर्फ गिरधारी उर्फ डॉक्टर पर विभूतिखण्ड थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
2 of 6
अजीत सिंह
- फोटो : amar ujala
पुलिस का मानना है कि अजीत की हत्या पूर्व विधायक सर्वेश सिंह की हत्या के मामले में गवाही से रोकने के लिए हुई है। इस मामले में अगले हफ्ते अजीत सिंह की गवाही होनी थी। अजीत को गवाही न देने के लिए धमकाया भी जा रहा था। कुंटू सिंह और अखंड प्रताप सिंह पूर्व विधायक हत्याकांड में जेल में बंद है। पुलिस की एक टीम वहां भेजी गई है।
3 of 6
साइबर क्राइम टीम मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों को जांच करती हुई
- फोटो : amar ujala
बता दें कि लखनऊ के विभूतिखंड स्थित कठौता पुलिस चौकी के सामने बुधवार रात गैंगवार में मऊ के मोहम्मदाबाद गोहना के पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसकी जांच पुलिस टीम कर रही है। गुरुवार को पुलिस को कमता बस अड्डे पर दो लावारिस बाइकें बरामद हुईं। संभावना जताई जा रही है कि ये बाइकें उन्हीं हत्यारों की हैं।
अजीत के गाड़ी में मिली दो लोडेड पिस्तौल
पुलिस के मुताबिक, वारदात में बदमाशों ने नौ एमएम पिस्तौल का इस्तेमाल किया है। वारदात स्थल पर जांच करने पहुंची पुलिस टीम ने अजीत की गाड़ी की भी जांच की। इस दौरान गाड़ी के लॉक तोड़े गए तो अंदर से अजीत की दो लोडेड पिस्तौलें मिलीं। दोनों से गोली चलने की भी पुष्टि हुई है। गाड़ी के अंदर भी खून के निशान मिले। एक बदमाश के घायल होने की पुष्टि भी पुलिस कर रही है। पुलिस घायल बदमाश को सरगर्मी से तलाश रही है।
हमला करने पैदल आए थे बदमाश
स्थानीय लोगों के मुताबिक, अजीत पर हमला करने आए बदमाश पैदल थे। उन्हें चौराहे के बारे में पूरी जानकारी थी और बाइक कुछ दूर खड़ी की थी। अजीत के गाड़ी से उतरते ही गोलियां बरसाने के बाद बदमाशों ने पैदल ही भाग निकले। इस दौरान गोलियां चलाते रहें और बाइक के पास पहुंचकर आराम से भाग निकले। बदमाशों ने पूरी वारदात महज तीन मिनट में अंजाम दी। पुलिस ने गैंगवार में कुल 35 राउंड गोलियां चलने की पुष्टि की। पुलिस के मुताबिक, अजीत को आठ से दस और मोहर को तीन गोलियां लगने की बात सामने आई है।