पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर यूपी कांग्रेस ने महासचिव प्रियंका गांधी के आवाह्नन पर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में तांगे और बैलगाड़ियां चलाकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलों में जिलाध्यक्षों के नेतृत्व में प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार ने दाम घटाने की मांग की।
लखनऊ में परिवर्तन चौक से लेकर विधानसभा तक प्रदर्शन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
इस मौके पर लखनऊ महानगर अध्यक्ष (उत्तरी) अजय श्रीवास्तव अज्जु एवं महानगर अध्यक्ष (दक्षिणी) दिलप्रीत सिंह डीपी ने संयुक्त रूप से कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की विफल नीतियों के कारण ही आज आम जनता की दुर्दशा होती जा रही है, पेट्रोल-डीजल सहित आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। आसमान छूती कीमतों और महंगाई को लेकर भाजपा सरकार संवेदनहीन हो चुकी है। केंद्र की भाजपा सरकार लगातार झूठ बोलकर मुफ्त वैक्सीन लगाने का दावा कर रही है तो उसके बदले में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस पर लगे टैक्स से जनता की जेब ढीली करवाकर वसूल भी रही है।
दरअसल, पेट्रोल की कीमतें देश भर में लगभग 100 रुपये प्रति लीटर हो चुकी हैं। डीजल भी काफी महंगा हो गया है जिसे लेकर जनता में आक्रोश है।
अजय श्रीवास्तव अज्जू ने कहा कि इक्का और तांगा प्रतीक है कि भाजपा सरकार ने देश को सालों पीछे धकेल दिया है। कोरोना आपदा की दूसरी लहर के बाद जनता को मुफ्त राशन देने की बात कर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के गरीब एवं मध्यम वर्ग के परिवारों के साथ छलावा किया है।
उन्होंने कहा कि इस समय जनता को सबसे पहले महंगाई से राहत दिलानी चाहिए थी परंतु इसके उलट सरसों तेल, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल व अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में दोगुना इजाफा कर आम जनता को सड़क पर ला खड़ा कर दिया है।
दिलप्रीत सिंह डीपी ने कहा कि अब समय आ गया है कि 2022 में कांग्रेस की सरकार लाना बेहद जरूरी हो गया है क्योंकि बिना सत्ता परिवर्तन के अब जनता का भला नही हो सकता हैं।
उन्होंने कहा कि अगर बढ़ती कीमतों एवं उत्पाद शुल्क को कम नहीं किया गया तो बहुत जल्द ही बड़ा आंदोलन किया जाएगा।