लखनऊ के उतरठिया स्थित जॉन विनी स्कूल में कक्षा तीन के छात्र रितेश की बेरहमी से पिटाई के मामले में शिक्षिका रेटिका वी. जॉन के खिलाफ बृहस्पतिवार को केस दर्ज कर लिया गया। छात्र के पिता ने बुधवार रात ही पुलिस को तहरीर दी थी। ‘अमर उजाला’ में खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस ने एफआईआर लिखकर जांच शुरू कर दी है।
एसओ बृजेश राय ने बताया कि प्रिंसिपल रोनाल्ड रोड्रिग्स ने पिटाई की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी है। इसे देखने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। उधर, प्रिंसिपल के साथ पीजीआई थाना पहुंचे छात्र के पिता प्रवेन्द्र गुप्ता ने बताया कि वे बाल आयोग में भी शिकायत करेंगे।
यहां पढ़ें पूरा मामला- ‘प्रजेंट मैम’ नहीं बोला तो टीचर ने दो मिनट में जड़े 40 थप्पड़, गला दबाया, सिर दीवार से लड़ा दिया
गौरतलब है कि मंगलवार दोपहर स्कूल में अटेंडेंट के वक्त रितेश ड्राइंग बनाने में मग्न होने के कारण प्रजेंट मैम नहीं बोल सका था। इस पर रेटिका ने उसे दो मिनट में 40 थप्पड़ मारे। साथ ही गला दबाकर कॉलर पकड़कर घसीटा और ब्लैक बोर्ड व दीवार पर उसका सिर दे मारा था। बुधवार को रितेश के माता-पिता स्कूल पहुंचे और प्रिंसिपल से शिकायत की। सीसीटीवी फुटेज में शिक्षिका की करतूत सामने आई। प्रिंसिपल ने उसे नौकरी से निकाल दिया था।
देखें, पूरा वीडियो
मामला रफा-दफा करने के लिए डलवाया दबाव
प्रवेन्द्र ने बुधवार को ही प्रिंसिपल के सामने शिक्षिका रेटिका वी. जॉन के खिलाफ केस दर्ज कराने की बात कही थी। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी। इस पर शिक्षिका ने कई लोगों से फोन कर केस न कराने और मामला रफा-दफा कराने का दबाव डलवाया। हालांकि, प्रवेंद्र नहीं माने। उनका कहना था कि मुकदमा इसलिए कराया ताकि कोई भी रेटिका को अपने स्कूल में नौकरी पर न रखे।