भोजपुरी गायक पवन सिंह ने लखनऊ महोत्सव में धमाल मचा दिया। उनके गानों ने दर्शकों में ऐसा जोशोखरोश भरा, जिससे शाम यादगार बन गई। गायक ने एक के बाद एक भोजपुरी गानों का ऐसा तड़का लगाया, जिससे दर्शक झूमते ही रहे। दर्शकों ने जमकर डांस किया।
स्मृति उपवन में चल रहे लखनऊ महोत्सव की सातवीं शाम भोजपुरी नाइट में मशहूर गायक पवन सिंह को सुनने के लिए हजारों की तादात में श्रोता पहुंचे थे। पवन सिंह ने करब इंतजार यार पिपरा के छांव में...., कनवा के बलिया होठवा के ललिया...., स्नेहिया लगावल बहुत बात नइखे... गीत सुनाकर दर्शकों की दीवानगी बढ़ाई। इसके बाद पवन ने कश्मीर जिगर का टुकड़ा कहे हिंदुस्तान... सुनाया तो दर्शकों की देशभक्ति हिलोरे मारने लगी। भारत माता के जयकारे लगने लगे।
उन्होंने नैन छुरी से कटारी हो गईल... सहित कई गीत सुनाकर तालियां बटोरी। खास बात यह रही कि जैसे-जैसे गीतों का कारवां आगे बढ़ रहा था, दर्शकों में जोश भी बढ़ता जा रहा था। दर्शकों का बढ़ता जोश देखते हुए पवन सिंह ने कहा कि इतनी एनर्जी लखनऊ के लोगों में है, इसलिए आप लोगों के साथ आज गाएंगे और नाचेंगे भी।
आलम यह था कि दर्शकों के बढ़ते जोश को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस तो नाकाम साबित हुई। पर, गायक के निवेदन पर लोग शांत होकर गीत सुनने लग जाते। लगातार लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की। कहा कि अनुशासन ही देश को महान बनाता है। वहीं, रियल्टी शो की विनर रही इशरत जहां ने भी एक से बढ़कर एक गीत सुनाएं।
भरभराता रहा साउंड, परेशान रहे पवन
भोजपुरी गायक की सुरीली आवाज को सुनने के लिए पहुंचे दर्शकों को खराब साउंड से मायूसी हाथ लगी। वहीं पवन सिंह भी साउंड सिस्टम के इंतजाम से खासे परेशान दिखे। गायकी के दौरान मंच से आधा दर्जन से अधिक बार उन्होंने साउंड की खराबी पर आपत्तियां दर्ज कराईं। कहा कि साउंड सेट करने के बाद फिर क्यों छेड़छाड़ करते हो। पर, उनकी शिकायत के बाद भी सिस्टम को दुरुस्त नहीं करवाया गया।