गोमतीनगर में ताज होटल के सामने शुक्रवार को साइकिल से स्कूल जा रही 14 वर्षीय एक छात्रा से छेड़खानी कर रहे स्कूटी सवार शोहदे को वहां से गुजर रही महिला ने दबोच लिया। उसकी जमकर धुनाई की और इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
गोमतीनगर थाने में भी शोहदे को आक्रोशित महिलाओं ने जमकर पीटा। पुलिस ने छात्रा के पिता की ओर से शोहदे के खिलाफ छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।
एसओ गोमतीनगर सत्येंद्र कुमार राय के मुताबिक, पकड़े गए शोहदे का नाम मनीष श्रीवास्तव (28) है। वह 2/68 विराटखंड का निवासी है। मनीष श्रीवास्तव के पिता ओमप्रकाश श्रीवास्तव सिद्धार्थनगर में वकालत करते हैं। मनीष बीबीडी यूनिवर्सिटी में बीटेक का पूर्व छात्र है। वर्ष 2014 में उसे कॉलेज से निकाल दिया गया।
आरोप है कि मनीष सिंचाई विभाग के बाबू की बेटी का पिछले एक सप्ताह से पीछा कर रहा था। गोमतीनगर के विकल्पखंड स्थित एक स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा का घर से निकलते समय ही स्कूटी सवार छात्रा का पीछा करना शुरू कर देता था। वह छात्रा से फोन नंबर देने को कहता था। कभी साथ चलने की बात करता था। उसे कई बार रास्ते में रोककर अश्लील हरकतें भी की। इससे छात्रा काफी डर-सहम गई थी।
शुक्रवार को छात्रा जैसे ही अपने स्कूल से घर जाने के लिए निकली शोहदा उसका पीछा करने लगा। रास्ते में ताज होटल के सामने स्कूटी सवार शोहदा छात्रा के साथ-साथ चल रहा था और उससे अपने साथ चलने की बात कर रहा था। कई बार उसने छात्रा का हाथ पकड़ने की कोशिश की।