कोतवाली तालगांव इलाके में शनिवार की देर रात चोरी कर भाग रहे बदमाशों को पकड़कर विरोध करने की कीमत गृहस्वामी की पत्नी को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। पकड़े जाने के दौरान हाथापाई के बीच बदमाश ने गोली मारकर महिला की हत्या कर दी। जबकि असलहे की बटों से मृतका के पति, देवर और देवरानी को भी घायल कर दिया है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक की हालत ठीक होने पर उसे डिस्चार्ज कर दिया गया है।
घटना के दौरान परिजनों ने एक बदमाश को दबोच लिया है। सूचना मिलते ही एसपी, एएसपी समेत भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई है। घटना के खुलासे में दो सीओ समेत 11 थानों की पुलिस फोर्स लगाई गई है। पुलिस जल्द ही घटना के खुलासे का दावा कर रही है।
तालगांव इलाके के अग्गरपुर मजरा बभनावा निवासी रामहेत शनिवार की रात परिवार के साथ घर में सो रहे थे। देर रात छत के रास्ते बदमाश घर में दाखिल हुए और घर में रखी 10 हजार की नकदी 20 हजार के जेवर लेकर बदमाश भागने लगे।
बताते हैं कि घर से भागने के लिए बदमाश छत पर चढ़े थे, जहां पर गृहहस्वामी रामहेत की पुत्री ममता सो रही थी। बदमाशों के भागने की आहट से उसकी आंख खुल गई और उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर उसके पिता रामहेत, माता विनीता (38), चाचा संतोष, चाची अनीता मौके पर आ गईं और बदमाशों को पकड़ लिया। कुछ देर तक बदमाशों और परिवार के बीच हाथापाई हुई।
3 of 5
वारदात में घायल युवक।
- फोटो : amar ujala
इस बीच बदमाशों ने पकड़े जाने के डर से विनीता को गोली मार दी, जबकि उसके पति, देवर संतोष और देवरानी अनीता को असलहे की बटों से मारकर घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। हालांकि, परिवार के लोगों ने जख्मी होने के बावजूद भी बड़ी ही बहादुरी के साथ एक बदमाश को दबोच लिया। पुलिस को सूचना दी गई।
गोली लगने से घायल महिला विनीता और परिवार के अन्य जख्मी लोगों को अस्पताल लाया जा रहा था। इस दौरान रास्ते में ही विनीता की मौत हो गई। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि तीन अन्य लोगों को भर्ती कराया गया, जहां पर इलाज के बाद हालत में सुधार होने पर एक व्यक्ति को डिस्चार्ज कर दिया गया है। जबकि अन्य का इलाज जारी है। एसपी आरपी सिंह, एएसपी नार्थ राजीव दीक्षित, सीओ लहरपुर समेत आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची है।
5 of 5
विलाप करते परिजन।
- फोटो : amar ujala
एसपी नार्थ डॉ. राजीव दीक्षित ने बताया कि चोरी की नीयत से घुसे बदमाश ने पकड़े जाने पर हाथापाई के दौरान हमला कर दिया, इससे महिला की मौत हो गई है। अन्य लोग घायल हुए हैं। सभी का इलाज चल रहा है। एक आरोपी मौके से पकड़ा गया है। उसका नाम देशराज है। घटना के खुलासे के लिए दो सीओ और 11 थानों की पुलिस फोर्स लगाई गई है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। मामले में कई अहम क्लू मिले हैं, जिससे पुलिस को वारदात के खुलासे में मदद मिल सकती है।