चेन-पर्स लुटेरे पेपरमिल कॉलोनी निवासी टिंकू बाल्मीकि उर्फ पंडित (25) की ईंट से चेहरा कूंचकर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह उसका शव कुकरैल बंधा के नीचे पड़ा पाया गया। पास ही खून से सनी ईंट पड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि टिंकू रविवार रात बंधे के पास ही एक युवक संग शराब पी रहा था। देर रात उसकी भाई रिंकू से फोन पर बातचीत भी हुई। इसके बाद फोन बंद हो गया।
पुलिस हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका जताते हुए छानबीन कर रही है। पुलिस का मानना है कि साथ में शराब पी रहे युवक अथवा किसी परिचित ने ही टिंकू को मारा है। पुलिस ने बताया कि टिंकू रविवार रात करीब नौ बजे मौसेरे भाई सुमित का मोबाइल फोन लेकर घर से निकला था। उसने अपने छोटे भाई रिंकू के कपड़े पहन रखे थे। (मामले की जांच करती पुलिस। इनसेट में युवक टिंकू।)
साढ़े दस बजे तक वह नहीं लौटा तो रिंकू ने फोन किया। टिंकू ने कुछ देर में आने की बात कही। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। परिवार के लोगों ने खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। सुबह करीब छह बजे रिंकू उसे ढूंढते हुए बंधे तक पहुंचा तो दीवार पर खून के छींटे देख नीचे झांका। वहां भाई का शव पड़ा देख उसके होश उड़ गए। उसने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
सफाईकर्मी की हत्या की सूचना पाकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। पुलिस को शव के पास ही खून से सनी एक ईंट मिली है। सुमित का मोबाइल फोन टिंकू के पास मिला है। इंस्पेक्टर महानगर शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रात करीब साढ़े ग्यारह बजे इलाके के ही एक युवक ने टिंकू को एक युवक के साथ बंधे पर बैठकर शराब पीते हुए देखा था। (विलाप करते परिवारीजन।)
परिवार की एक महिला से थे संबंध
टिंकू ने चार महीने पहले एक सितंबर को बालू अड्डा की युवती से लव मैरिज की थी। परिवार की एक महिला से भी उसके संबंध थे। पुलिस को शक है कि परिवार की महिला से संबंध के चलते ही उसकी हत्या की गई है। टिंकू के कमरे की छानबीन में पुलिस को इस आशंका से जुड़े कई साक्ष्य मिले हैं। उक्त महिला और एक सदस्य से पूछताछ की जा रही है।