दिनभर के काम के बाद थकान महसूस होते रहना स्वाभाविक है, हालांकि अगर आपको लगातार यह समस्या बनी रहती है तो इस बारे में किसी विशेषज्ञ से सलाह लेना आवश्यक हो जाता है। अक्सर बनी रहने वाली थकान की स्थिति को 'क्रोनिक फटीग सिंड्रोम' के रूप में जाना जाता है, जिसमें डॉक्टरी मदद की आवश्यकता होती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, काम के कारण होने वाली थकान की स्थिति से बचाव के लिए योगासनों को दिनचर्या का हिस्सा बनाना काफी लाभकारी हो सकता है। योग न सिर्फ थकान को कम करते हैं बल्कि शरीर को बेहतर तरीके से काम करते रहने के लिए पर्याप्त ऊर्जा प्राप्त करने में भी सहायक माने जाते हैं।
Yoga Tips: दिनभर की थकान होगी दूर, रहेंगे ऊर्जावान, इन योगासनों को बनाएं दिनचर्या का हिस्सा
भुजंगासन योग से मिलता है लाभ
थकान को कम करने और शरीर को उर्जावान बनाने में मदद के लिए भुजंगासन (कोबरा पोज) योग के अभ्यास की आदत बनाना लाभकारी हो सकता है। कोबरा पोज, रक्त परिसंचरण को सुधारने और तनाव के स्तर को कम करके शरीर को ऊर्जावान बनाने में सहायक है। रीढ़ के लिए फायदेमंद माने जाने वाले इस आसान से आपकी बाहें और पीठ भी मजबूत होती है। भुजंगासन योग का अभ्यास शरीर के सामान्य दर्द को भी कम करता है।
बद्धकोणासन योग का अभ्यास आसान
बद्धकोणासन योग को बटरफ्लाई पोज के रूप में भी जाना जाता है, यह पैरों और कमर से अतिरिक्त तनाव कम को करके थकान से राहत दिलाने में विशेष लाभकारी योगाभ्यास है। योग विशेषज्ञ कहते हैं, इस योग से कूल्हों और कमर की बेहतर स्ट्रेचिंग हो जाती है। यह रीढ़ और कंधों से दबाव को कम करता है, जिससे आप हल्का महसूस करते हैं। थकान से राहत पाने के लिए यह प्रभावी अभ्यास हो सकता है।
वॉरियर पोज के लाभ
वॉरियर पोज का अभ्यास आपके कूल्हों, पैरों, हृदय और बाहों को स्वस्थ रखने और इसके कार्यों को बेहतर बनाने में मदद करती है। यह सहनशक्ति, ऊर्जा और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने वाला योगासन है। थकान और दिनभर के काम के कारण शरीर पर बने अतिरिक्त तनाव को कम करके शरीर को हल्का महसूस कराने के लिए इस योग का अभ्यास किया जा सकता है। इस योग से पूरे शरीर की स्ट्रेचिंग भी हो जाती है।
------------------
नोट: यह लेख योग विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी योगगुरु से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।