काम के अधिक दबाव, बहुत ज्यादा चलने या कुछ शारीरिक स्थितियों के कारण पैरों में दर्द की समस्या हो सकती है। अधिक काम के कारण इस तरह के दर्द को सामान्य माना जाता है, हालांकि यदि आपको अक्सर ही इस तरह की समस्या बनी रहती है तो इस बारे में सावधान हो जाने की जरूरत है। डॉक्टरों के मुताबिक कई गंभीर बीमारियों के लक्षण के रूप में भी पैरों में दर्द हो सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक स्थिति के कारण का निदान कर इसे ठीक करने के उपाय करना बहुत आवश्यक माना जाता है। इसके लिए दिनचर्या में योगासनों को शामिल करना बेहतर विकल्प हो सकता है।
आज का योगासन: क्या आप भी पैरों के दर्द से परेशान हैं? इन योग के अभ्यास से मिलेगी जल्द राहत
ताड़ासन योग
ताड़ासन योग का नियमित अभ्यास करना शरीर के लिए विशेष लाभदायक होता है। यह पूरे शरीर में खिंचाव उत्पन्न करने के साथ रक्त के संचार को बढ़ावा देने में सहायक माना जाता है। ताड़ासन योग को पैर और एड़ियों को लिए विशेष लाभदायक माना जाता है। पैरों की मांसपेशियों के संपूर्ण अभ्यास के लिए इस योग का नियमित अभ्यास किया जा सकता है।
उत्तानासन
जिन लोगों के अक्सर पैरों में दर्द और जकड़न की समस्या बनी रहती है उनके लिए उत्तानासन योग के अभ्यास को लाभदायक माना जाता है। इस योगासन में शरीर की कई मांसपेशियों का अभ्यास हो जाता है, जिससे न सिर्फ पैर में दर्द और जकड़न की समस्या दूर हो सकती है, साथ ही शरीर के लचीलापन को बढ़ाने में भी इस योग को फायदेमंद माना जाता है।
वृक्षासन योग का अभ्यास
वृक्षासन योग के अभ्यास को पैरों के दर्द और गठिया की समस्या को दूर करने में लाभदायक माना जाता है। पैरों और कूल्हे की हड्डियों को मजबूती देने में वृक्षासन योग का नियमित अभ्यास करना लाभदायक हो सकता है। जिन लोगों को दिनभर काम के कारण पैरों में दर्द की समस्या बनी रहती है उनके लिए वृक्षासन योग विशेष लाभदायक हो सकता है।
------------------
नोट: यह लेख योग विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी योगगुरु से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।