दुनियाभर में घूमने के लिए जगहों की कमी नहीं है। इनमें से कई जगहों की गिनती विश्व के टॉप पर्यटन स्थलों में होती है। द न्यूयॉर्क टाइम्स ने भी साल 2020 में पर्यटन के लिहाज से टॉप टूरिस्ट प्लेसों की सूची जारी की है। इस सूची में एक भारतीय शहर भी शामिल है। आइए जानते हैं कौन सी है वो जगह और क्या है उसकी खासियतें:
द न्यूयॉर्क टाइम्स ने अलग-अलग मापदंडों और पर्यटन के लिहाज से विश्व के 52 श्रेष्ठ पर्यटन स्थलों की सूची जारी की है, जिसमें भारत के जोधपुर शहर को शामिल किया है। इस सूची में जोधपुर को 15वां स्थान मिला है। इसके साथ ही अब पर्यटन से जुड़े लोगों में आगामी सीजन के बढ़िया होने की उम्मीद भी जगी है।
न्यूयॉर्क टाइम्स ने लिखा है कि जब भारत के कई शहर औद्योगीकरण के जरिए बदल रहे हैं, ऐसे में जोधपुर ने अपने देसी अंदाज, कला औऱ संस्कृति को बचाए रखा है। यहां की संस्कृति अब भी जीवंत है। यह अपनी परंपरा, सांस्कृतिक विरासत, खानपान, रहन-सहन से जुड़ी महत्वपूर्ण बातों को अब भी संजोए हुए है।
राजस्थान में जयपुर को पिंक सिटी कहते हैं तो जोधपुर को ब्लू सिटी कहा जाता है। कारण है यहां के अधिकतर मकानों पर किया गया नीला रंग। यह इसे अन्य शहरों से अलग तो करता ही है, लोगों को अपनी ओर आकर्षित भी करता है। बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने अपनी शादी के लिए इसी शहर को चुना था। उनकी शादी जोधपुर के उम्मेदभवन पैलेस में हुई थी।
यहां कई पर्यटन स्थल
घूमने के लिए जोधपुर में कई पर्यटन स्थल है। उम्मेद भवन पैलेस के अलावा ऐतिहासिक मेहरानगढ़ किला, जसवंत थड़ा, राव जोधा प्राकृतिक उद्यान, मंडोर गार्डन सहित तंग गलियों में बनी बसावट आज भी शहर की सभ्यता और संस्कृति को दर्शाते हैं।