अच्छी सेहत के लिए, अच्छी नींद कितनी जरूरी है ये हम सभी अच्छी तरह से समझ चुके हैं। मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि जिन लोगों की रात की नींद पूरी नहीं होती है या फिर जो लोग अक्सर नाइट शिफ्ट वाले जॉब करते हैं, उनमें कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा अधिक रहता है।
अलर्ट: देर रात तक मोबाइल चलाते रहने वालों के लिए चेतावनी, ये आदत पहुंचा रही सेहत को बड़ा नुकसान
नींद शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली के सामान्य कामकाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। शोध में नींद की कमी और श्वसन संक्रमण के जोखिमों के बीच संबंध मिला है। लगातार नींद की कमी प्रतिरक्षा कोशिकाओं और सूजन से जुड़ी प्रक्रियाओं को प्रभावित कर सकती है।
नींद की कमी का इम्युनिटी पर असर
अध्ययनों में नींद की कमी और कई प्रकार के संक्रमण बढ़ने के बीच सीधा संबंध पाया गया है। खासकर लगातार कम सोने की आदत शरीर की संक्रमण से लड़ने वाली प्रतिक्रिया को प्रभावित कर सकती है। इसलिए नींद को सिर्फ थकान दूर करने के बजाय स्वास्थ्य का जरूरी हिस्सा समझना चाहिए।
- एक अध्ययन में 153 स्वस्थ लोगों को शामिल किया गया था। वायरल संक्रमण के संपर्क में आने से पहले जिन लोगों की औसत नींद 7 घंटे से कम थी, उनमें 8 घंटे या उससे ज्यादा सोने वालों की तुलना में संक्रमण होने का खतरा करीब 2.94 गुना अधिक पाया गया।
नींद कम होने का असर
नींद की कमी केवल थकान और चिड़चिड़ापन नहीं बढ़ाती। शोध में पाया गया है कि नींद की कमी इम्यून सिस्टम की कुछ कोशिकाओं और संकेत देने वाले रसायनों की गतिविधि को भी प्रभावित कर सकती है।
- एक अध्ययन में सिर्फ एक रात की नींद की कमी के बाद कुछ प्रतिरक्षा संकेतकों में बदलाव देखा गया।
- लंबे समय तक नींद की गड़बड़ी शरीर में सूजन और संक्रमण के जोखिमों को बढ़ाने वाली पाई गई।
- शोधकर्ताओं ने बताया कि नींद प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया को नियंत्रित करने में भूमिका निभाती है ऐसे में लगातार नींद की कमी इस संतुलन को बिगाड़ सकती है। इसलिए रोजाना कम सोना आपको बीमारियों की ओर धकेलने वाला हो सकता है।
कितनी नींद जरूरी है?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, अधिकांश वयस्कों को हर रात कम से कम 7-9 घंटे की नींद की जरूरत होती है।
नींद सुधारने के लिए रोज लगभग एक ही समय पर सोने और जागने, सोने से पहले रोशनी कम करने और स्क्रीन का इस्तेमाल कम करने की सलाह दी जाती है। इसके अलावा शाम के बाद कैफीन वाली चीजों का सेवन न करने से भी लाभ मिल सकता है। अगर पर्याप्त समय बिस्तर पर बिताने के बावजूद लगातार नींद खराब रहती है या दिन में अत्यधिक नींद आती है, तो डॉक्टर से इस बारे में सलाह लेना जरूरी है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।