लिवर हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है, हालांकि गड़बड़ लाइफस्टाइल और आहार की समस्या के कारण लिवर से संबंधित रोगों का खतरा काफी तेजी से बढ़ता जा रहा है। आंकड़े बताते हैं कि वैश्विक स्तर पर लिवर कैंसर में मामलों में तेजी से इजाफा हुआ है, यह दुनियाभर में मृत्यु के प्रमुख कारणों में से भी एक है। लिवर कैंसर के बढ़ते जोखिमों को कम करने और बचाव के तरीकों को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से हर साल एक अगस्त को वर्ल्ड लिवर कैंसर डे मनाया जाता है।
World Liver Cancer Day: लिवर कैंसर के बढ़ते मामलों के लिए ये हैं दो प्रमुख कारण, ज्यादातर लोगों में इसका जोखिम
ये हैं दो प्रमुख जोखिम कारक
ट्रस्ट की मुख्य कार्यकारी अधिकारी पामेला हीली कहती हैं, लिवर कैंसर के मामलों और इसके कारण होने वाली मौतों में वृद्धि का मुख्य कारण शराब का सेवन और मोटापा है। हममें से बहुत से लोग बहुत अधिक शराब पी रहे हैं और अधिक वजन के शिकार भी हैं। हमें इन दोनों विषयों पर गंभीरता से विचार करते रहने की आवश्यकता है जिससे वैश्विक स्तर पर बढ़ती इस गंभीर स्वास्थ्य समस्या के जोखिम को कम किया जा सके।
यह अब भी ब्रिटेन में कैंसर से होने वाली मौतों का सबसे तेजी से बढ़ता कारण है। 1970 के दशक की शुरुआत से लिवर कैंसर से मृत्यु दर के जोखिम में तीन गुना से भी अधिक की वृद्धि हुई है।
ब्रिटेन में बड़ा खतरा
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक ब्रिटेन में हर साल प्राथमिक लिवर कैंसर के लगभग 6,000 मामले सामने आते हैं, यानी यह प्रतिदिन लगभग 16 केस के बराबर है। प्राथमिक लिवर कैंसर से पीड़ित केवल 13 प्रतिशत लोग ही पांच साल या उससे अधिक समय तक जीवित रहते हैं क्योंकि सभी कैंसरों की तुलना में इससे जीवित रहने की दर सबसे कम है।
डॉक्टरों की टीम कहती है, सभी उम्र के लोगों को लिवर कैंसर से बचाव के तरीकों का पालन करते रहना आवश्यक है, इसमें आहार से संबंधित सुधार सबसे जरूरी हो जाता है।
डायबिटीज और फैटी लिवर की समस्या वालों में भी जोखिम
डॉक्टर कहते हैं, जिन लोगों को डायबिटीज की समस्या है या फिर अल्कोहलिक/ नॉन अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज (एनएएफएलडी ) के शिकार हैं उनमें समय के साथ लिवर कैंसर होने का खतरा काफी बढ़ जाता है। टाइप-2 डायबिटीज की अनियंत्रित स्थिति शरीर में अतिरिक्त फैट का निर्माण कर सकती है। इससे एनएएफएलडी होने और लिवर कैंसर का खतरा अधिक होता है। जीवनशैली में बदलाव के साथ इन दोनों समस्याओं के जोखिमों को कम करने में मदद मिल सकती है।
वजन बढ़ने से भी हो सकता है खतरा
यदि आपका वजन अधिक है, तो इसके कारण भी लिवर और डायबिटीज की समस्या होने का खतरा काफी बढ़ जाता है। रोजाना व्यायाम करने की आदत बनाएं, यह आपको वजन कम करने की में मदद करेगी और लिवर कैंसर के जोखिमों को भी इससे कंट्रोल करने में लाभ मिल सकेगा।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।