शरीर को ठीक तरह से काम करने के लिए रोजाना हमें आहार से कई तरह के विटामिन और पोषक तत्वों की जरूरत होती है। इनमें विटामिन-सी की भूमिका भी काफी अहम है। यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को सपोर्ट करने के साथ त्वचा को स्वस्थ रखने और घाव भरने की सामान्य प्रक्रिया में मदद करता है। यह एक एंटीऑक्सीडेंट के तौर पर भी काम करता है जो कोशिकाओं को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाता है।
हेल्थ टिप्स: शरीर को चाहिए विटामिन-सी, डाइट में इन चीजों की न होने दें कमी
विटामिन-सी शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली, त्वचा और घाव भरने की प्रक्रिया के लिए महत्वपूर्ण पोषक तत्व है। इसे रोज के आहार से प्राप्त किया जा सकता है। आंवला, संतरा, नींबू, ब्रोकली, पपीता और अनानास इसके अच्छे खाद्य स्रोत हैं।
विटामिन-सी का खजाना है आंवला
आंवला उन खाद्य पदार्थों में शामिल है जिनमें विटामिन-सी अच्छी मात्रा में पाया जाता है। इसे कच्चा, सलाद के साथ या अपनी पसंद के दूसरे तरीके से डाइट में शामिल किया जा सकता है। आंवले में विटामिन-सी के अलावा कई अन्य पोषक तत्व भी मिलते हैं। करीब 100 ग्राम आंवला से193-270 मिलीग्राम विटामिन-सी प्राप्त हो सकता है।
- विटामिन-सी शरीर की सामान्य प्रतिरक्षा प्रणाली को सपोर्ट करता है और त्वचा में कोलेजन बनाने की प्रक्रिया में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
- इसलिए रोज के आहार में आंवले जैसी चीजों को शामिल करना पोषण के लिहाज से फायदेमंद हो सकता है।
डाइट में जरूर होने चाहिए खट्टे फल
खट्टे फलों की बात हो तो संतरा और नींबू विटामिन-सी के लोकप्रिय स्रोत हैं। इन दोनों को डाइट में शामिल करना आपके लिए बहुत फायदेमंद विकल्प हो सकता है।
- विटामिन-सी शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली के सामान्य कामकाज में मदद करता है और एंटीऑक्सीडेंट के रूप में भी काम करता है।
- एक मध्यम आकार के संतरे में लगभग 70 से 90 मिलीग्राम विटामिन-सी होता है, जो आपकी रोजाना की जरूरी मात्रा का लगभग 100% हिस्सा पूरा करता है।
- वहीं एक मध्यम आकार के नींबू में लगभग 30 से 35 मिलीग्राम विटामिन-सी होता है, जो आपकी रोज़ाना की जरूरतों का 30% से 50% से तक की पूर्ति कर सकता है।
ब्रोकली खाते हैं आप?
ब्रोकली सिर्फ विटामिन-सी ही नहीं, बल्कि फाइबर समेत कई दूसरे पोषक तत्व भी देती है। संतुलित डाइट में सब्जियों की अच्छी मात्रा रखना शरीर को जरूरी पोषक तत्व उपलब्ध कराने में मदद करता है। ब्रोकली में मौजूद विभिन्न प्लांट बेस्ड यौगिक और एंटीऑक्सीडेंट स्वास्थ्य के लिए उपयोगी माने जाते हैं।
पपीता और अनानास भी हैं अच्छे विकल्प
पपीता और अनानास भी इस विटामिन के अच्छे विकल्प हो सकते हैं। पपीता खाने से विटामिन-सी के साथ फाइबर और दूसरे पोषक तत्व मिलते हैं। वहीं अनानास भी विटामिन-सी और दूसरे पोषक तत्वों का स्रोत है।
फलों को रोज के भोजन में शामिल करने से डाइट में विविधता आती है और शरीर को अलग-अलग पोषक तत्व मिलते हैं। इसलिए विटामिन-सी की जरूरत पूरी करने के लिए केवल एक ही फल पर निर्भर रहने के बजाय आंवला, संतरा, पपीता, अनानास और विटामिन-सी वाली अन्य सब्जियों को अपनी डाइट में शामिल किया जा सकता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।