हमारी दिनचर्या की गतिविधियां शारीरिक-मानसिक, दोनों तरह की सेहत को प्रभावित करती हैं। यही कारण है कि सभी लोगों को उन आदतों से दूरी बनाने की सलाह दी जाती है, जिनसे सेहत को नुकसान हो सकता है। धूम्रपान की आदत को अध्ययनों में सेहत के लिए बहुत ही हानिकारक बताया गया है। सिगरेट के धुएं में मौजूद टार फेफड़ों में जमा होने लगते हैं जिससे सांस से संबंधित कई तरह की दिक्कतों का जोखिम बढ़ जाता है। इतना ही नहीं शोधकर्ता बताते हैं कि चेन स्मोकर्स में, अन्य लोगों की तुलना में कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों के विकसित होने का जोखिम कई गुना अधिक हो सकता है।
आज का हेल्थ टिप्स: इस एक आदत को छोड़कर हृदय रोग और कैंसर से कर सकते हैं बचाव, ज्यादातर लोग हैं इसके शिकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिकन कैंसर सोसाइटी की चेतावनी
अमेरिकन कैंसर सोसाइटी के डेटा के मुताबिक तम्बाकू का उपयोग अमेरिका में मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक बना हुआ है। हर साल होने वाले 5 में से 1 मौत का कारण धूम्रपान को ही माना जाता है। शोध बताते हैं कि धूम्रपान करने वाले लोगों की औसत आयु, धूम्रपान न करने वालों की तुलना में लगभग 10 साल कम होती है।
कैंसर के साथ-साथ यह फेफड़े, हृदय, रक्त वाहिकाएं, प्रजनन अंग, मुंह, त्वचा, आंखें और हड्डियों को भी नुकसान पहुंचाता है। धूम्रपान छोड़कर इन समस्याओं से बचाव किया जा सकता है।
कैंसर का जोखिम
अमेरिकन कैंसर सोसाइटी के अनुसार संयुक्त राज्य अमेरिका में होने वाले सभी प्रकार के कैंसर के लगभग 20 फीसदी मामलों के लिए धूम्रपान को प्रमुख कारक माना जाता है। फेफड़े के कैंसर के 80% मामलों के लिए स्मोकिंग को जिम्मेदार माना जाता है। इसके अलावा अधिक धूम्रपान करने वाले लोगों में लिवर, आंत, पेट और मुंह के कैंसर का भी जोखिम काफी बढ़ जाता है।
फेफड़ों को नुकसान
धूम्रपान आपके फेफड़ों के वायुमार्ग और वायु थैली को नुकसान पहुंचाता है। समय के साथ यह आदत फेफड़े के कार्यक्षमता को भी खराब कर देती है। धूम्रपान के धुएं के कारण फेफड़े की गंभीर दीर्घकालिक बीमारियां, जैसे कि क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी), निमोनिया और टीबी, फेफड़ों के संक्रमण का खतरा भी बढ़ सकता है। फेफड़ों की समस्या के कारण मृत्यु का जोखिम काफी अधिक हो सकता है।
रक्त वाहिकाओं को क्षति
तंबाकू का सेवन, विशेषकर धूम्रपान के रूप में आपके हृदय और रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचाता है, जिससे हृदय रोग और स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। धूम्रपान कोरोनरी हार्ट डिजीज (सीएचडी) का प्रमुख कारण है, जिसमें धमनियां, हृदय की मांसपेशियों को पर्याप्त ऑक्सीजन युक्त रक्त की आपूर्ति नहीं कर पाती हैं। सीएचडी दिल के दौरे का प्रमुख कारण है। इससे मृत्यु का खतरा बढ़ जाता है।
----------------
स्रोत और संदर्भ
Time for a smoke? One cigarette reduces your life by 11 minutes
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।