कहा जाता रहा है कि अगर आपका पाचन ठीक है तो ये शरीर के स्वस्थ होने का संकेत हो सकता है। पाचन तंत्र के ठीक रहने से भोजन से पोषक तत्वों का अवशोषण ठीक से हो पाता है और शरीर स्वस्थ रहता है। क्या आपका पाचन ठीक है? अगर नहीं तो, आज से ही इसमें सुधार के लिए उपाय शुरू कर दीजिए।
डाइट टिप्स: हेल्दी समझकर कहीं आप भी तो नहीं खा रहे ज्यादा फाइबर, सेहत पर उल्टा न पड़ जाए इसका असर?
High Fiber Diet: फाइबर पाचन और कब्ज से राहत के लिए जरूरी है, लेकिन इसकी मात्रा अचानक बढ़ाने से गैस, ब्लोटिंग, पेट दर्द, ऐंठन और दस्त हो सकती हैं। पानी कम पीने पर कब्ज भी बढ़ सकती है। डाइट में फाइबर धीरे-धीरे बढ़ाएं और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लेते रहें।
अच्छी सेहत के लिए जरूरी है फाइबर
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सभी लोगों को अपनी डाइट में सलाद, फल, ओट्स और सीड्स को जरूर शामिल करना चाहिए, ये फाइबर की जरूरतों को पूरा करने में मदद करते हैं। वयस्कों को आमतौर पर प्रतिदिन 30 से 38 ग्राम डाइटरी फाइबर की आवश्यकता होती है, जो इनसे पूरी हो सकती है।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि जरूरत से ज्यादा फाइबर या अचानक इसकी मात्रा बढ़ाने से आपको फायदे की जगह नुकसान हो सकता है? पाचन को ठीक रखने के लिए अगर आप बहुत ज्यादा फाइबर वाली चीजें खा रहे हैं तो ये उल्टा पाचन के लिए मुश्किलें बढ़ाने वाली हो सकता है।
ज्यादा फाइबर से होने वाली दिक्कतें
मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि फाइबर पौधों से मिलने वाला ऐसा पोषक तत्व है जो पूरी तरह पचता नहीं है। यह मल में भारीपन लाता है और उसे नरम करता है, जिससे पेट आसानी से साफ होता है और कब्ज जैसी समस्या दूर होती है। पर अगर आप अधिक फायदे के लिए बहुत ज्यादा फाइबर वाली चीजें खाने लगते हैं तो इससे उल्टा आपका पेट खराब हो सकता है।
- बीन्स-दालें, चना, ओट्स में मौजूद फाइबर आंतों के बैक्टीरिया द्वारा फर्मेंट होता है। इस प्रक्रिया में गैस बन सकती है। अचानक फाइबर बढ़ाने से पेट फूलना, गैस और ऐंठन महसूस हो सकती है।
- फाइबर की मात्रा अचानक बढ़ने से आंतों को अतिरिक्त काम करना पड़ता है। कुछ लोगों में पेट में मरोड़ और असहजता हो सकती है।
- फाइबर पानी सोखता है। ऐसे में अगर आपने डाइट में फाइबर की मात्रा बढ़ा ली है लेकिन पानी कम पी रहे हैं तो इससे मल कठोर हो सकता है और कब्ज की समस्या बढ़ सकती है। इसलिए फाइबर के साथ पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहना जरूरी है।
फिर फाइबर वाली चीजों से कैसे लाभ पाया जाए?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, पाचन ठीक रखने के लिए फाइबर जरूरी है पर इसकी मात्रा अचानक से न बढ़ाएं। फाइबर को धीरे-धीरे डाइट में शामिल करें। फल-सब्जियां, दालें और साबुत अनाज जैसे अलग-अलग स्रोतों से फाइबर लें। सबसे जरूरी बात, डाइट में फाइबर को बढ़ाने के साथ खून पानी पीते रहें।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
