कैंसर दुनियाभर में होने वाली मौतों के प्रमुख कारणों में शामिल है। मेडिकल साइंस में लगातार हो रही प्रगति से कैंसर के उपचार के नए विकल्प सामने आए हैं, लेकिन बीमारी का समय पर पता लगना आज भी बेहद महत्वपूर्ण है। शुरुआती चरण में कैंसर की पहचान होने पर कई प्रकार के कैंसर का उपचार अधिक प्रभावी हो सकता है और मरीज के ठीक होने की संभावनाएं भी बेहतर हो सकती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, उम्र बढ़ने के साथ कैंसर का जोखिम भी बढ़ता है।
अलर्ट: बिना चोट के ब्लीडिंग और घाव न भरने की समस्या, कहीं ये कैंसर का संकेत तो नहीं?
कैंसर का समय पर पता लगना इलाज की सफलता के लिए जरूरी है। लंबे समय तक ठीक न होने वाले घाव, असामान्य रक्तस्राव और शरीर में गांठ इसके संभावित लक्षण हो सकते हैं। धूम्रपान, मोटापा, शराब और फैमिली हिस्ट्री जोखिम बढ़ाते हैं।
कैंसर के जोखिम कारक क्या हैं?
कैंसर होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। कुछ जोखिम कारक ऐसे हैं जिन्हें जीवनशैली में बदलाव करके कम किया जा सकता है। डॉक्टरों के अनुसार, धूम्रपान, तंबाकू का सेवन, अधिक शराब पीना, मोटापा और परिवार में कैंसर की हिस्ट्री होने से कैंसर का खतरा बढ़ सकता है।
- उम्र बढ़ने के साथ भी कैंसर का जोखिम अधिक हो जाता है। इसलिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने, नियमित शारीरिक गतिविधि करने और शरीर में होने वाले बदलावों पर ध्यान देने की सलाह दी जाती है।
कैंसर के लक्षण जिन्हें अक्सर लोग कर देते हैं अनदेखा
- मुंह या शरीर के किसी हिस्से में घाव होना सामान्य हो सकता है, लेकिन अगर घाव लंबे समय तक ठीक नहीं हो रहा है या बार-बार उसी जगह अल्सर हो रहा है, तो इसकी जांच जरूरी है। मुंह में लंबे समय तक रहने वाला छाला मुंह के कैंसर का संकेत हो सकता है। ऐसे घावों को नजरअंदाज करने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
- किसी चोट के कारण खून निकलना सामान्य है, लेकिन बिना स्पष्ट कारण शरीर के किसी हिस्से से रक्तस्राव होना चिंता का संकेत हो सकता है। पेशाब में खून, मल के साथ रक्त, खांसी में खून या असामान्य योनि रक्तस्राव को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
- शरीर के किसी हिस्से में गांठ, सूजन या मोटापन महसूस होना भी कैंसर का संभावित लक्षण हो सकता है। खासकर स्तन, गर्दन, बगल या शरीर के अन्य हिस्सों में बनने वाली गांठों पर ध्यान देना जरूरी है। स्तन में नई गांठ स्तन कैंसर का संकेत हो सकती है, जबकि गर्दन में लंबे समय तक बनी गांठ कुछ प्रकार के कैंसर या अन्य बीमारियों से जुड़ी हो सकती है। यदि गांठ बढ़ रही हो तो तुरंत डॉक्टर से मिलकर इसकी जांच करा लें।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
