हाथ धोएं, लेकिन कितनी देर? हाथ धोना छोटा सा काम लगता है, लेकिन इसका सही तरीका जानना भी जरूरी है।
मम्मी कहती है साबुन से हाथ कुल 30 सेकेंड्स तक धोना चाहिए, सही है क्या?
हाथ में होते हैं ऐसे किटाणु
अपने परिवार के साथ-साथ खुद को स्वस्थ रखने का सबसे आसान और बेहतर तरीका है, हाथों की साफ-सफाई अच्छी तरह से (हैंडवॉशिंग) करना। हाथ जब साफ होंगे, तो एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक ये हानीकारक कीटाणु नहीं फैलेंगे। ऐसा करके आप अपने पूरे परिवार यहां तक कि ऑफिस में काम करने वाले सहकर्मियों आदि की सेहत को भी बिगड़ने से बचा सकते हैं। आप दिन भर मोबाइल, कंप्यूटर कीबोर्ड, माउस, टॉयलेट फ्लश आदि छूते हैं। ऑटो, बस, ट्रेन, कार आदि में यहां-वहां जाते हैं। इससे आपके हाथों पर 'स्टैफ' और 'सैल्मोनेला' नामक बैक्टीरिया चिपक जाते हैं। जब आप गंदे हाथों से अपनी आंखों, नाक और मुंह को छूते हैं, तो इससे ये संक्रमित हो जाते हैं और कई तरह की बीमारियों के होने की संभावना बढ़ जाती है।
क्या कहता है शोध
हाथों को पूरी तरह से कीटाणु मुक्त रखना असंभव है। भोजन करने, खाना पकाने, टॉयलेट से आने के बाद या फिर नाक छूने से पहले निरंतर हाथों को धोना ही एकमात्र रास्ता है खुद को बीमार होने से बचाने का। 2015 में हुए एक अध्ययन में यह बात सामने आई है कि 62 फीसदी पुरुष और 40 फीसदी महिलाओं ने यह माना है कि वे टॉयलेट से आने के बाद हाथों को धोने की जहमत उठाना भी नहीं चाहते। जब आप सिर्फ पांच सेकंड हाथों को पानी से धोते हैं, तो हथेलियों, नाखूनों, यहां तक कि अंगूठी में कीटाणु मौजूद रहते हैं। वहीं, आपने 20 से 30 सेकंड तक किसी अच्छे साबुन से हाथों को धोते हैं, तो कीटाणु नहीं रहते।
सैनिटाइजर का बढ़ता इस्तेमाल
आजकल पानी और साबुन के मुकाबले सैनिटाइजर से हाथ साफ करने का आसान विकल्प बनता जा रहा है। एफडीए सेंटर फॉर ड्रग इवैलुएशन एंड रिसर्च (न्यू हैम्पशायर) के निदेशक डॉ. जेनेट वुडकॉक के अनुसार, 'लोगों को लगता है कि सैनिटाइजर लगाने से 99.9 फीसदी कीटाणुओं का सफाया हाथों से हो जाता है, पर ऐसा नहीं है। हमने कई टेस्ट किए हैं, जिसमें सैनिटाइजर लगाने के बाद भी हाथों की लकीरों में कीटाणु रह ही जाते हैं।' उन्हीं सैनिटाइजर का इस्तेमाल करिए, जिसमें लगभग 60 फीसदी एल्कोहल हो। एल्कोहल रहित सैनिटाइजर के इस्तेमाल से कीटाणु तो नहीं मरते, बल्कि त्वचा को नुकसान ही पहुंचाते हैं। बेहतर है कि अपने हाथों को साबुन और पानी से ही धोएं।
क्या है सही तरीका
पहले पानी से हाथ धोएं। फिर हाथों पर साबुन लगाएं। ध्यान रहे कि साबुन से हाथों पर अच्छी तरह से झाग बने। झाग बनाकर करीब 20 से 30 सेकंड तक हाथ धोएं। जरूरी नहीं कि आप हमेशा एंटी- बैक्टीरियल साबुन ही इस्तेमाल करें। हाथों को दोनों तरफ से नाखूनों और उंगलियों के बीच से भी अच्छी तरह से साफ करें। फिर पानी से अच्छी तरह से हाथ धो लें। हाथ धोने के लिए लिक्विड सोप का इस्तेमाल सबसे बेहतर होता है। यह सामान्य साबुन के मुकाबले कीटाणुओं से लड़ने में अधिक शक्तिशाली होता है। साथ ही यह, बार-बार अलग- अलग इंसानों के हाथों के सीधे संपर्क में नहीं आता। पूरे परिवार को यह आदत डालवाएं कि शौच के बाद, खाने से पहले और बाद में हमेशा हाथों को साबुन से धोना है।