प्रोस्टेट कैंसर का खतरा पिछले एक-दो दशकों में तेजी से बढ़ता हुआ देखा गया है। आमतौर पर माना जाता रहा है कि 60 साल से अधिक उम्र वाले लोग इस कैंसर का शिकार होते हैं, हालांकि डेटा बताते हैं कि अब 50 की उम्र वालों में भी प्रोस्टेट की समस्या बढ़ती हुई देखी जा रही है।
Prostate Cancer: प्रोस्टेट कैंसर के 90% मामलों में समय पर इलाज से बच सकती है जान, ऐसे पहचानें शुरुआती लक्षण
- डॉक्टर कहते हैं, प्रोस्टेट कैंसर की स्क्रीनिंग बढ़ाना इस कैंसर के बढ़ते खतरे को कम करने के लिए जरूरी है। सभी लोगों को इसके लक्षणों पर भी गंभीरता से ध्यान देते रहना चाहिए ताकि बीमारी समय रहते पकड़ में आ जाए।
50 की उम्र वालों में भी देखा जा रहा है खतरा
कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ सुदीप्तो डे कहते हैं, जिस तरह से प्रोस्टेट कैंसर के मामले बढ़ते जा रहे हैं, ये जरूरी हो गया है कि हम इस बढ़ते खतरे को गंभीरता से लें।
आमतौर पर माना जाता रहा है कि प्रोस्टेट कैंसर सिर्फ बुजुर्गों को होने वाली समस्या है, हालांकि अब इसका जोखिम 50 की उम्र वालों में भी तेजी से बढ़ता हुआ देखा जा रहा है। जिन लोगों में प्रोस्टेट कैंसर की फैमिली हिस्ट्री रही है ऐसे लोगों में 45 साल की उम्र में भी जोखिम देखे जा सकते हैं। इसलिए जरूरी है कि उच्च जोखिम वाले लोग 40 साल की उम्र और अन्य लोगों को डॉक्टर की सलाह पर 50 की उम्र तक जांच शुरू करा लेनी चाहिए।
प्रोस्टेट कैंसर के लक्षणों को जानिए
डॉक्टर कहते हैं, प्रोस्टेट कैंसर की स्क्रीनिंग बढ़ाना इस कैंसर के बढ़ते खतरे को कम करने के लिए जरूरी है। इसके साथ सभी लोगों को इसके लक्षणों पर भी गंभीरता से ध्यान देते रहना चाहिए ताकि बीमारी समय रहते पकड़ में आ जाए।
- रात में बार-बार पेशाब की इच्छा होना प्रोस्टेट के बढ़ने का शुरुआती संकेत हो सकता है। यह मूत्राशय पर दबाव बढ़ने की वजह से होता है।
- मूत्र मार्ग में सूजन या कैंसर सेल्स के कारण पेशाब करते समय जलन, जलन के साथ असहजता महसूस हो सकती है।
- प्रोस्टेट ग्रंथि के बढ़ने से मूत्र मार्ग संकरा हो जाता है, जिससे पेशाब की धारा कमजोर या रुक-रुककर आती है।
- यदि मूत्र या वीर्य में खून दिखे तो यह प्रोस्टेट की कोशिकाओं में बदलाव या ट्यूमर का संकेत हो सकता है।
- कैंसर के फैलने की स्थिति में पीठ, कूल्हों या जांघों में दर्द महसूस होता है, जो धीरे-धीरे बढ़ता जाता है।
- प्रोस्टेट पर प्रभाव के कारण नर्वस सिस्टम और रक्त प्रवाह प्रभावित होता है, जिससे यौन क्षमता में कमी आ सकती है।
कैसे करें इस कैंसर से बचाव
डॉक्टर कहते हैं, कम उम्र से ही कुछ बातों पर ध्यान दे लिया जाए तो कैंसर के खतरे को कम किया जा सकता है।
प्रोस्टेट कैंसर से बचाव के उपाय के लिए पीएसए (प्रोस्टेट-स्पेसिफिक एंटीजन) टेस्ट 50 की उम्र के बाद साल में एक बार जरूर कराएं। इसके अलावा दिनचर्या और खान-पान में सुधार करना भी कैंसर से बचाव के लिए आवश्यक है।
संतुलित जैसे फाइबर वाली चीजें, फल, हरी सब्जियां और ओमेगा-3 फैट्स वाली चीजों का सेवन करें। रेड मीट और प्रोसेस्ड फूड से बचें। अध्ययनों में धूम्रपान और शराब को सेहत के लिए बहुत खतरनाक बताया गया है, इन दोनों आदतों से बिल्कुल दूरी बना लें। नियमित व्यायाम, वजन नियंत्रित रखना, तनाव कम करना भी इस कैंसर के खतरे से बचे रखने में मददगार है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।