नए साल का वीकेंड आ गया है, यह दोस्तों और प्रियजनों के साथ खुशी और जश्न मनाने का समय है। हालांकि देशभर में बढ़ते कोरोना के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को बचाव के उपायों को लेकर सावधानी बरतने की सलाह देते हैं। नए साल की पार्टियों में लोगों की भीड़ इकट्ठा होती है, जहां से संक्रमण के प्रसार का खतरा हो सकता है, ऐसे में जश्न के दौरान सावधानियों का ध्यान रखना बहुत आवश्यक हो जाता है।
New Year Party: पार्टी के जश्न में कहीं हो न जाए हैंगओवर, इन उपायों से पा सकते हैं जल्द आराम
हैंगओवर और इसके कारण होने वाली दिक्कतें
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, यदि आप बहुत अधिक मादक पेय का सेवन कर लेते हैं तो इसके कारण हैंगओवर हो सकता है, जिसमें थकान, मतली, चक्कर आने या मूड में बदलाव और बेचैनी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। बहुत अधिक शराब पीने के कारण अल्कोहल पॉइजनिंग भी होने का खतरा रहता है, जिसमें बोलने में समस्या, मनोदशा और व्यवहार में बदलाव जैसी कई गंभीर दिक्कतों का खतरा रहता है।
कभी-कभी इसके कारण कोमा भी हो सकता है। अगर आपको भी हैंगओवर हो जाए तो कुछ उपायों की मदद से इसमें लाभ पाया जा सकता है।
इलेक्ट्रोलाइट युक्त खाद्य पदार्थ
हैंगओवर की स्थिति में शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी होने का खतरा रहता है। शरीर में खनिजों के संतुलन को बनाए रखने के लिए इलेक्ट्रोलाइट्स से भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन करें। केले, संतरे और पत्तेदार सब्जियां पोटेशियम, मैग्नीशियम और सोडियम की पूर्ति करती हैं। नारियल पानी पीने से इलेक्ट्रोलाइट्स की पूर्ति करने में मदद मिल सकती है। ये हैगओवर को दूर करने में मददगार है।
मतली से राहत के लिए अदरक-नींबू पानी
हैंगओवर के कारण मितली-उल्टी होने का खतरा रहता है। अदरक से मतली से छुटकारा मिल सकता है। चाहे अदरक की चाय हो या कच्ची अदरक, ये प्राकृतिक रूप से पेट को ठीक रखने और मतली को कम करने में मदद कर सकता है। इसके अलावा नींबू पानी से भी हैंगओवर में लाभ मिल सकता है। ये शरीर को डिटॉक्स करने और लक्षणों से राहत दिलाने में सहायक है।
डिहाइड्रेशन से बचने के लिए पिएं पानी
हैंगओवर की स्थिति में डिहाइड्रेशन का खतरा सबसे अधिक होता है। अल्कोहल एक मूत्रवर्धक है, जो डिहाइड्रेशन का कारण बनता है, इसके कारण सिर में तेज दर्द भी हो सकता है। शरीर में तरल पदार्थों की कमी को दूर करने के लिए खूब पानी, हर्बल टी और इलेक्ट्रोलाइट युक्त पेय पदार्थ पिएं। ये लक्षणों को ठीक करने में मदद करती है।
इन उपायों से भी अगर लक्षणों में आराम नहीं मिलता है तो बिना देर किए नजदीकी डॉक्टर के पास जाएं, ये गंभीर स्थितियों से बचाव के लिए जरूरी है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।