देखते ही देखते हम साल 2023 के समापन की ओर बढ़ गए हैं, कल सूर्य की पहली किरण के साथ हम नए साल 2024 में प्रवेश कर जाएंगे। इससे पहले साल को अलविदा कहने और नए साल के स्वागत को लेकर हर तरफ तैयारियां जोरो-शोरों पर हैं। हर तरफ पार्टी का माहौल है, गीत-संगीत और जश्न के इस मौके का हम सभी को इंतजार रहता है। पर ध्यान रहे, जश्न और उत्साह में हमारी सेहत से कोई समझौता न होने पाए।
New Year Party: डायबिटीज-हार्ट के मरीज बरतें सावधानी, थोड़ी सी लापरवाही बिगाड़ सकती है आपकी तबीयत
सभी लोग करें कोरोना से बचाव
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, देश में कोरोना के नए वैरिएंट JN.1 के कारण संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। रविवार के आंकड़ों के मुताबिक देश में 19 मई 2023 के बाद पहली बार एक दिन में सबसे अधिक लोगों में संक्रमण देखा गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चिंता जताई है कि पार्टियों में एकत्रित होने वाली भीड़ से कोरोना के प्रसार का खतरा हो सकता है, इसलिए संक्रमण से बचाव के लिए पार्टी में मास्क जरूर पहनें, संभव हो तो एक दूसरे से उचित दूरी बनाकर रखें।
ये सावधानियां भी जरूरी-
पार्टियों में कहीं हो न जाए 'कोरोना विस्फोट', ये छह सावधानियां बहुत जरूरी
डायबिटीज रोगियों के लिए सावधानी
पार्टियों में गड़बड़ खान-पान के कारण ब्लड शुगर बढ़ने का खतरा रहता है, इसके अलावा इन दिनों ठंड भी बढ़ी है जिसका भी आपके शुगर लेवल पर नकारात्मक असर हो सकता है, इसलिए जरूरी है कि आप खान-पान को लेकर सावधान रहें। ज्यादा तले-भुने मसालेदार चीजों को खाने से बचें। मीठे पेय, कोल्ड ड्रिक्स और मिठाइयां भी शुगर बढ़ा सकती हैं, इनका सेवन कम से कम करें। डायबिटीज रोगियों में कोरोना संक्रमण की स्थिति में रोग के गंभीर रूप लेने का खतरा हो सकता है, इसलिए कोरोना से बचाव जरूरी है।
हृदय रोगी रहें सावधान
पार्टियों में बजने वाले तेज साउंड की आवाज आपकी हृदय गति को बढ़ा सकती है, जिससे हृदय की गंभीर समस्याओं का खतरा रहता है। इसके अलावा गड़बड़ खान-पान से ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल में भी बढ़ोतरी का जोखिम हो सकता है, ये हार्ट के लिए बहुत समस्याकारक है। हृदय रोगियों को पार्टियों में जाने से बचना चाहिए, अगर आप जा रहे हैं तो सेहत का विशेष ध्यान रखें।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, नए साल के स्वागत में सेहत का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। खूब मौज-मस्ती करें, साल 2023 को खुशियों के साथ अलविदा कहकर नए साल 2024 का इस्तकबाल करें, पर सबसे जरूरी बात- हर समय अपनी सेहत का ख्याल रखें।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।