योग को हमारे संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना जाता है। आमतौर पर लोगों का मानना रहा है कि योग सिर्फ मानसिक स्वास्थ्य को ठीक रखते हैं पर अध्ययनकर्ताओं ने पाया कि मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं को कम करने के साथ शरीर को स्वस्थ रखने और बीमारियों के जोखिमों को कम करने में भी नियमित योग करने से विशेष लाभ पाया जा सकता है। कई शोध में डायबिटीज और हृदय रोगों की समस्याओं को कम करने में भी योग के अभ्यास को लाभकारी पाया गया है।
International Yoga Day 2023: योग के इन फायदों से ज्यादातर लोग अनजान, वैज्ञानिकों ने माना-चमत्कारी हैं इसके लाभ
शरीर को लचीला बनाती है योग
शरीर का लचीला रहना, फिटनेस को ठीक रखने के लिए सबसे आवश्यक माना जाता है। योग लचीलेपन में सुधार करता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, वर्तमान में लाइफस्टाइल की गड़बड़ी और शारीरिक निष्क्रियता में कमी के कारण हमारे शरीर की लचीलापन कम होता जा रहा है यही कारण है कि कम उम्र में ही लोगों के लिए तेजी से झुकना या जमीन पर बैठना कठिन हो गया है। लचीलेपन की कमी के कारण पीठ में दर्द की समस्या बढ़ रही है।
दूर होती है चिंता-तनाव की दिक्कत
योग, तनाव की समस्या से राहत दिलाने में मदद करता है। अमेरिकन साइकोलॉजिकल एसोसिएशन द्वारा किए गए शोध में पाया गया कि वैश्विक स्तर पर बड़ी संख्या में लोग तनाव-चिंता विकारों से परेशान हैं। योग-श्वसन अभ्यासों को दिनचर्या में शामिल करके मन को शांत रखने और मस्तिष्क को स्वस्थ रखने में मदद मिल सकती है। योग, विशेषकर मेडिटेशन का अभ्यास आपको शांति प्रदान करता है और अच्छा महसूस कराने वाले हार्मोन्स को रिलीज करने में भी मदद करता है।
कम होता है इंफ्लामेशन का खतरा
इंफ्लामेशन को शरीर में कई क्रोनिक बीमारियों का प्रमुख कारण माना जाता है। हृदय रोग, मधुमेह, गठिया, क्रोहन डिजीज जैसी समस्याएं इंफ्लामेशन से जुड़ी हुई हैं। अध्ययनों की समीक्षा में पाया गया कि विभिन्न शैलियों, तीव्रता वाले योग सूजन के कम करके क्रोनिक बीमारियों से बचाने में सहायक हो सकते हैं। यही कारण है कि हार्ट डिजीज और डायबिटीज के रोगियों को नियमित योगाभ्यास की सलाह दी जाती है।
योग से बढ़ती है रोग प्रतिरोधक क्षमता
आपकी प्रतिरक्षा प्रणाली, शरीर को संक्रामक रोगों के कारण होने वाले जोखिमों को बचाने में मदद करती है। योग के अभ्यास से प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूती मिलती है। अध्ययनों में पाया गया है कि जब आपकी इम्युनिटी कमजोर होती है तो आप बीमारियों के प्रति अधिक संवेदनशील हो जाते हैं। कुछ अध्ययनों में योग का अभ्यास करने (विशेष रूप से लंबे समय तक लगातार) से बेहतर इम्युनिटी सिस्टम को बनाने में लाभ मिलने का जिक्र मिलता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।