हृदय रोग वैश्विक स्तर पर मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक है। अमेरिका में हृदय रोग से हर 33 सेकेंड में एक व्यक्ति की मौत होती है। साल 2021 में लगभग 6.95 लाख लोगों की मृत्यु हृदय रोगों से हुई, जो हर 5 मौतों में से एक मौत के बराबर है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को हृदय को स्वस्थ रखने वाले उपाय करते रहने की सलाह देते हैं।
International Yoga Day 2023: क्या योग से कम हो सकता है हृदय रोगों का जोखिम? जानिए अध्ययन में क्या पता चला
योग से हृदय रोगों को लाभ
कैनेडियन जर्नल ऑफ कार्डियोलॉजी में प्रकाशित अध्ययन में योग से हृदय रोगों के लाभ का विशेष जिक्र मिलता है। उच्च रक्तचाप वाले व्यक्तियों पर तीन महीने तक किए गए इस अध्ययन के अनुसार, कार्डियोवैस्कुलर स्वास्थ्य और इसको बढ़ावा देने वाले जोखिमों को कम करने में नियमित योगासनों का अभ्यास अधिक फायदेमंद है। योग के अभ्यास से प्रतिभागियों में सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर और हार्ट रेट दोनों कम होता देखा गया जो कार्डियोवैस्कुलर स्वास्थ्य को बेहतर रखने के लिए अच्छा संकेत है।
हृदय रोगों के कारकों को कम कर सकता है
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, सिर्फ ब्लड प्रेशर ही नहीं कई और भी कारक हैं जो हृदय रोगों के खतरे को बढ़ा सकते हैं, योग के अभ्यास को लगभग इन सभी को कम करते हुए पाया गया है। जॉन्स हॉप्किंस मेडिसिन द्वारा किए गए एक शोध में पाया गया कि योग तनाव, रक्तचाप, कोलेस्ट्रॉल और रक्त शर्करा के भी स्तर को नियंत्रित करने में मदद करता है। इन सभी का बढ़ा हुआ स्तर हार्ट अटैक का एक कारण हो सकता है। हृदय गति को कम करने में भी योग के नियमित अभ्यास की आदत को लाभकारी पाया गया है।
क्या कहते हैं शोधकर्ता?
पेन हार्ट एंड वैस्कुलर सेंटर के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. हेलेन ग्लासबर्ग कहती हैं, "योग को तमाम अध्ययनों में मेटाबॉलिज्म में सुधार करके आपके कोलेस्ट्रॉल और रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित करते हुए पाया गया है जो धमनियों को स्वस्थ रखने में विशेष लाभकारी है।
इसके अलावा योगासनों से नींद की गुणवत्ता को भी सुधार होते भी देखा गया है, कई शोध इस तरह इशारा करते हैं कि जिन लोगों की नींद की क्वालिटी ठीक नहीं होती है उनमें हार्ट डिजीज का जोखिम अधिक हो सकता है। यदि आप नियमित योग के अभ्यास की आदत बनाते हैं तो इससे हृदय स्वास्थ्य को विशेष लाभ मिल सकता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।