देश में भोजन और इसको पकाने के तरीके अलग-अलग हैं। कहीं खाना पकाने के लिए सरसों का तेल उपयोग में लाया जाता है तो कहीं नारियल का। कहीं डीप फ्रायड भोजन को पसंद किया जाता है तो कहीं भाप में पके भोजन को। भाप में पके भोजन को दुनियाभर में कई जगह पसंद किया जाता है। क्या वाकई इस तरह से भोजन पकाना स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है?
जानना जरूरी: इस तरह से भोजन पकाना सेहत के लिए माना जाता है अधिक फायदेमंद, आप भी जानिए इसके लाभ
भाप में पके भोजन के लाभ
भाप में पकने वाले भोजन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें तेल-मसालों का उपयोग कम से कम होता है।आमतौर पर जो व्यंजन भाप में पकाए जाते हैं, वे सादे होते हैं। मोमोज़ के लिए भी अंदर जो स्टफिंग की जाती है उसमें भी मसाले कम ही डाले जाते हैं। इस वजह से यह भोजन हल्का होता है। भाप में पकने के कारण सब्जियों, अनाज आदि में मौजूद फाइबर्स नरम हो जाते हैं, इससे ये आसानी से पच पाते हैं। यह एक तथ्य है कि भोजन जितना नरम होगा, शरीर को उसको पचाने में उतनी ही कम मेहनत करनी पड़ेगी और उसमें मौजूद सारे पोषक तत्व अच्छे से शरीर को मिल पाएंगे।
कम तेल-घी, मसालों की वजह से भाप में पके भोजन से कोलेस्ट्रॉल के बढ़ने, ह्रदय को नुकसान पहुंचने, शुगर आदि के स्तर के असंतुलित होने की आशंका कम हो जाती है। इसकी वजह से वजन भी संतुलित रहता है। दुनियाभर में जहां भी इस तरह का भोजन अधिक किया जाता है वहां आमतौर पर लोग दुबले और फिट रहते हैं।
भाप में पके भोजन के फायदे
भाप में पके भोजन (मांसाहार जैसे चिकन या फिश) में फैट का स्तर कम हो जाता है। मतलब कम वसा के साथ आप मांसाहार का भी आनंद ले सकते हैं और अधिक फैट्स की वजह से होने वाली परेशानियों से भी बच सकते हैं। छौंक लगाते समय अक्सर भोजन में से सब्जियों या अन्य चीजों में मौजूद विटामिन्स, खनिज व अन्य पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं। जबकि भाप में भोजन पकाते समय पोषक तत्व भोजन में ही बने रहते हैं और इनका पूरा फायदा शरीर को मिलता है।
उबली सब्जियों का सेवन भी है फायदेमंद
कोरोना की वजह से आजकल सभी वजन को संतुलित रखने और फिट रहने की ओर अधिक ध्यान दे रहे हैं। ज्यादातर लोग वेट लॉस के लिए या सेहत के हिसाब से भी सब्जियां या सलाद अधिक खाने की कोशिश करते हैं। यह एक अच्छी आदत है। लेकिन कच्ची सब्जियां या सलाद कई बार पेट के लिए नुकसानदायक भी साबित हो सकते हैं। अगर इन्हें भाप में थोड़ी देर भी पका लिया जाए तो इनका फायदा कई गुना बढ़ सकता है। एक तो नुकसान पहुंचाने वाले हानिकारक तत्व खत्म हो जायेंगे, दूसरे पचने में भी यह अधिक आसान रहेगा। आप चाहें तो इन सब्जियों या सलाद पर नीबू, काली मिर्च, दही आदि की ड्रेसिंग भी कर सकते हैं। इससे इनका स्वाद भी बढ़ेगा और पोषण भी।
----------------
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।