आयुर्वेद से लेकर मेडिकल साइंस तक, हर स्तर पर सुबह जल्दी उठने को सेहत के लिए फायदेमंद बताया गया है। हम किस तरह से जीवन बिताते हैं, क्या खाते हैं, कब सोते-जागते हैं, इन सभी का हमारी सेहत पर असर होता है। सुबह जल्दी उठने की आदत आपको कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ दे सकती है। मेडिकल साइंस में इस आदत को विशेषज्ञ शारीरिक और मानसिक दोनों ही तरह की सेहत के लिए विशेष लाभप्रद मानते हैं। हालांकि मौजूदा समय में गड़बड़ जीवनशैली ने लोगों के सोने-जागने के समय को काफी प्रभावित कर दिया है। रात में देर से सोना और सुबह देर से उठने की आदत न सिर्फ हमारी सेहत के लिए हानिकारक हो सकती है, साथ ही इसके मानसिक स्वास्थ्य पर भी कई तरह के नकारात्मक प्रभाव देखने को मिल सकते हैं।
आज का हेल्थ टिप्स: सुबह जल्दी उठने की आदत दे सकती है आपको कई स्वास्थ्य लाभ, जानिए देर से उठने से क्या होता है?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मानसिक स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद
अध्ययनों से पता चलता है कि जल्दी उठने की आदत हमारे मानसिक स्वास्थ्य को ठीक रखने में काफी मददगार हो सकती है। जल्दी उठने का एक महत्वपूर्ण लाभ यह भी है कि इससे तनाव का स्तर कम रहता है। जब आप जल्दी उठते हैं, तो दिनचर्या में सकारात्मकता का संचार होता है। शोध बताते हैं कि देर से उठने वालों की तुलना में सुबह जल्दी जगने वालों में तनाव-अवसाद जैसी समस्याओं का जोखिम कम होता है।
व्यायाम के लिए समय
सुबह जल्दी उठने की आदत आपको योग-व्यायाम के लिए समय निकालने में मदद कर सकती है। अक्सर देर से उठने वालों के लिए व्यायाम कर पाना थोड़ा कठिन हो जाता है। व्यायाम न करने की आदत आपकी शारीरिक निष्क्रियता को बढ़ा देती है, जिसके कारण कई तरह की बीमारियों के विकसित होने का जोखिम हो सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक सुबह के समय खुली हवा में व्यायाम करने से शारीरिक और मानसिक दोनों ही तरह की सेहत को लाभ मिलता है।
नींद की गुणवत्ता में सुधार
अगर आपको लगता है कि सुबह जल्दी उठने से आपकी नींद पूरी नहीं होगी तो यहां आपको फिर से विचार करने की आवश्यकता है। शोध बताते हैं कि जो लोग जल्दी उठते हैं, वह रात में जल्दी सोने के समय का प्रबंधन कर सकते हैं। इससे न सिर्फ आपकी दिनचर्या में सुधार होता है साथ ही इसे बेहतर गुणवत्ता वाली नींद प्राप्त करने में भी सहायक माना जाता है। शारीरिक और मानसिक दोनों ही तरह के स्वास्थ्य को बेहतर रखने के लिए नींद की गुणवत्ता का बेहतर रहना आवश्यक माना जाता है।
सुबह जल्दी उठने की आदत बनाएं
अगर आप देर से उठते रहे हैं और अब जल्दी उठना चाहते हैं तो इसकी धीरे-धीरे शुरुआत करें। अचानक से समय में बदलाव करने से सिरदर्द और थकान जैसी समस्याओं का अनुभव हो सकता है। रोज अपने समय से 10-15 मिनट पहले जगने की आदत बनाएं। सुबह जल्दी जगने के लिए रात में जल्दी सोने और हल्का भोजन करने की आदत महत्वपूर्ण मानी जाती है। दिनचर्या में यह सकारात्मक बदलाव कई तरह से आपको लाभ दे सकता है।
---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।