शरीर को स्वस्थ रखने के लिए अक्सर आपने पौष्टिक चीजों के सेवन की आवश्यकताओं के बारे में सुना होगा। पर क्या जिस तरह का भोजन हम रोजाना कर रहे हैं, उसमें आवश्यक सभी पोषक तत्व मौजूद हैं? अध्ययनों से पता चलता है कि भोजन में पौष्टिकता की कमी के कारण कई तरह की बीमारियां तेजी से बढ़ती जा रही हैं। इसका सबसे ज्यादा असर पेट की समस्याओं के रूप में देखने को मिल रहा है।
Health Tips: शरीर के लिए क्यों आवश्यक है फाइबर युक्त चीजों का सेवन? इसके स्वास्थ्य लाभ के बारे में जानिए
वजन कम करने की कोशिश में लगे लोगों के लिए फायदेमंद
फाइबर युक्त खाद्य पदार्थ न केवल आपके पाचन को ठीक रखने में मदद करते हैं, साथ ही यह आपके पेट को लंबे समय तक भरा हुआ भी रखते हैं। इससे आपको अतिरिक्त खाने की इच्छा नहीं होती है। एक अध्ययन में पाया गया कि जिन लोगों ने नियमित रूप से फाइबर वाली चीजों का सेवन किया, उनमें वजन बढ़ने का खतरा काफी कम पाया गया। मोटापा के खतरे से बचे रहने के लिए भी फाइबर वाले आहार आपके लिए लाभकारी हैं।
आंत रहता है स्वस्थ
अच्छे पाचन के लिए आंतों का स्वस्थ बना रहना आवश्यक माना जाता है। फाइबर वाली चीजों के सेवन की आदत बनाकर आप आंतों को स्वस्थ रख सकते हैं। हाई फाइबर डाइट आपके बृहदान्त्र को स्वस्थ रखकर बवासीर और मांस के उभार जैसी समस्याओं के जोखिम को कम कर देते हैं। कुछ अध्ययनों में यह भी पाया गया है कि फाइबर युक्त आहार कोलोरेक्टल कैंसर के खतरे को कम करने में भी सहायक है।
मधुमेह रोगियों को आहार में जरूर करना चाहिए शामिल
रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित करने में भी फाइबर युक्त चीजों के सेवन को बढ़ाना लाभदायक माना जाता है। शोध से पता चलता है कि मधुमेह वाले लोगों में फाइबर, विशेषरूप से घुलनशील फाइबर, शर्करा के अवशोषण को धीमा कर देता है जिससे डायबिटीज बढ़ने का जोखिम कम रहता है। रक्त शर्करा के स्तर को बेहतर बनाए रखने और विशेषकर टाइप-2 डायबिटीज के विकास के जोखिम कम करने में इसके लाभ पाए गए हैं।
लंबी आयु के लिए करें सेवन
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं कि यदि आप भी लंबी आयु चाहते हैं तो इसमें आहार की विशेष भूमिका हो सकती है। अध्ययनों से पता चलता है कि आहार में फाइबर वाली चीजों की वृद्धि करके कार्डियोवैस्कुलर बीमारी और कई तरह के कैंसर के विकसित होने और इसके कारण होने वाली मौत के खतरे को कम किया जा सकता है। ऐसे में आहार में फाइबर की मात्रा बढ़ाकर आप लंबी आयु भी पा सकते हैं।
---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।