देशभर में आज दीपावली का त्योहार धूम-धाम से मनाया जा रहा है। मिठाइयों के साथ रोशनी-पटाखों का यह उत्सव कई मामलों में खास होता है। अमर उजाला परिवार की तरफ से भी आप सभी को दीपावली की शुभकामनाएं। आज दीपावली का त्योहार मनाते समय सेहत और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, पटाखों को जलाते समय की गई लापरवाही चोट-जलन का कारण बनती है, वहीं खान-पान को लेकर ध्यान न देना पाचन से लेकर डायबिटीज और वजन बढ़ने का कारण बन सकतr है। दीपावली के उत्सव के दौरान कुछ बातों का ध्यान रखकर आप सभी इस त्योहार के उमंग और उत्साह को बढ़ा सकते हैं।
Diwali 2022: मनाएं सेहतमंद दिवाली, आज उत्सव के दौरान इन बातों का रखें विशेष ख्याल, त्योहार का मजा होगा दोगुना
स्वस्थ दिनचर्या का करें पालन
त्योहारों का पूरी तरह से आनंद तभी लिया जा सकता है, जब आप स्वस्थ और फिट हों। दीपावली वाले दिन भी व्यायाम की दिनचर्या को बनाए रखें। दिवाली में डाइट और फिटनेस के उपायों का पालन करके अपनी खुशियों को दोगुना कर सकते हैं। व्यायाम की आदत शरीर से अतिरिक्त कैलोरी को बर्न करने और फिटनेस को बेहतर बनाए रखने में मदद करती है। अगर आप त्योहारों में मिठाइयां, तली-भुनी चीजें खा भी लेते हैं तो भी व्यायाम की दिनचर्या की मदद से इसके दुष्प्रभावों को कम करने में मदद मिल सकती है।
त्योहारों में खान-पान का रखें विशेष ध्यान
दिवाली ढेर सारे स्वादिष्ट भोजन और मिठाइयों का त्योहार है। हालांकि इन आहारों के चयन को लेकर सावधानी बरतें। यदि आपको डायबिटीज है तो मीठी या हाई कैलोरी-कार्बोहाइड्रेट वाली चीजों का सेवन न करें। पर्याप्त पानी पीते रहें इससे शरीर को हाइड्रेटेड रखने के साथ ऊर्जा के स्तर को बेहतर बनाए रखने में भी मदद मिल सकती है। पानी पीते रहने से शरीर को प्राकृतिक रूप से डिटॉक्स करते रहना भी आसान होता है।
सांस के रोगी बरतें सावधानी
अस्थमा या सांस के मरीजों को पटाखों को न जलाने और प्रदूषित वातावरण से बचाव करते रहने की सलाह दी जाती है। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से बचाव के लिए हमेशा अपना इनहेलर पास में रखना चाहिए। तैलीय खाना खाने से बचें और पटाखों के धुएं से दूर रहें। सांस के रोगियों को बाहर और इनडोर दोनों प्रकार के प्रदूषण से बचाव करते रहने की सलाह दी जाती है। दीपावली की शाम को घर के भीतर ही रहने की कोशिश करें।
पटाखों को जलाते समय रहें अलर्ट
स्वास्थ्य विशेषज्ञ पटाखों को न जलाने की सलाह देते हैं, इससे प्रदूषण और चोट लगने का खतरा हो सकता है। यदि आप पटाखे जला रहे हैं तो विशेष सावधानी बरतें। बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें या बहुत नजदीक से पटाखे न जलाएं। पटाखे जलाते समय हमेशा मास्क पहनकर रखें जिससे इससे निकलने वाला हानिकारक धुआं शरीर में न प्रवेश करने पाए। पटाखों से अगर जल जाएं तो तुरंत उस हिस्से को साफ करके एलोवेरा जेल या एंटीबायोटिक मलहम लगाएं।
----------------
नोट: यह लेख स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।