कैंसर दुनियाभर में तेजी से बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है, इसे मृत्यु के प्रमुख कारणों के रूप में भी जाना जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, कैंसर हमारे शरीर के किसी भी अंग में हो सकता है, इतना ही नहीं कम उम्र के लोगों को भी इसका शिकार पाया जा रहा है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को युवावस्था से ही कैंसर के खतरे से बचे रहने के लिए निरंतर प्रयास करते रहने की सलाह देते हैं। आंकड़े बताते हैं कि दुनियाभर में कोलन कैंसर के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है जोकि चिंताजनक है।
Colon Cancer: आहार में इस बदलाव से 15% तक कम हो सकता है घातक कैंसर का खतरा, सालाना 9 लाख लोगों की हो रही मौत
स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को युवावस्था से ही कैंसर के खतरे से बचे रहने के लिए निरंतर प्रयास करते रहने की सलाह देते हैं। आंकड़े बताते हैं कि दुनियाभर में कोलन कैंसर के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है जोकि चिंताजनक है। इससे कैसे बचाव किया जा सकता है?
युवाओं में बढ़ रहा है कोलन कैंसर का खतरा
मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि युवा वयस्कों में कोलन कैंसर के मामले खतरनाक दर से बढ़ रहे हैं। इस कैंसर से बचाव कैसे किया जा सकता है, इसको लेकर किए गए अध्ययन में पाया गया है कि आहार में कुछ प्रकार के बदलाव आपके लिए फायदेमंद हो सकते हैं, विशेषरूप से फाइबर वाली चीजों का अधिक सेवन करना।
अमेरिकन कैंसर सोसाइटी के अनुसार, कोलन कैंसर के लगभग 20 प्रतिशत मामले 54 वर्ष और उससे कम उम्र के लोगों में होते हैं। ऑस्ट्रेलिया की फ्लिंडर्स यूनिवर्सिटी के शोध से पता चलता है कि खान-पान की अच्छी आदतें कोलन कैंसर सहित पेट के अन्य कैंसर के जोखिमों को काफी कम कर सकती हैं। डाइट में फाइबर और हेल्दी अनसेचुरेटेड फैट से भरपूर आहार कोलन कैंसर के जोखिम को 15 प्रतिशत कम कर सकते हैं।
क्या कहते हैं स्वास्थ्य विशेषज्ञ?
साल 2022 में कोलोरेक्टल कैंसर के कारण नौ लाख से ज्यादा लोगों की मौत हुई, जिससे यह दुनियाभर में कैंसर से जुड़ी मौतों का दूसरा सबसे बड़ा कारण बन गया। विशेषज्ञों को चिंता है कि 2040 तक मौतों की संख्या बढ़कर 1.6 मिलियन (16 लाख) प्रति वर्ष हो सकती है।
फ्लिंडर्स हेल्थ एंड मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट के पोषण महामारी विज्ञानी और वरिष्ठ शोधकर्ता योहानेस मेलाकू कहते हैं, हाई फाइबर वाले खाद्य पदार्थ आंतों में स्वस्थ बैक्टीरिया को बढ़ावा देते हैं, जो इंफ्लामेशन और कैंसर के जोखिम को कम करने में मदद करते हैं। कोलन कैंसर से खतरे से बचे रहने के लिए स्वस्थ वसा और फाइबर वाली चीजों को आहार में शामिल करना और चीनी-शराब से बचाव करना बहुत महत्वपूर्ण है।
किन चीजों से करें परहेज?
कैंसर के खतरे से बचे रहने के लिए क्या खाना चाहिए, ये जानने से ज्यादा जरूरी है कि किन चीजों से परहेज करें? शोधकर्ताओं ने बताया कि रेड और प्रोसेस्ड मीट, प्रोसेस्ड कार्बोहाइड्रेट वाली चीजें, शर्करा युक्त पेय और शराब की आदत आपमें कोलन कैंसर के खतरे को 14 प्रतिशत तक बढ़ा देते हैं।
हालांकि सकारात्मक पक्ष यह है कि अधिक फल, सब्जियां, डेयरी और साबुत अनाज का सेवन करके इससे काफी हद तक सुरक्षित रहा जा सकता है।
कोलेन कैंसर का निदान
कोलन कैंसर के खतरे को कम करने और समय पर इसके निदान के लिए शोधकर्ताओं ने एक रक्त परीक्षण के बारे में बताया जिससे निदान में आसानी हो सकती है।न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन में प्रकाशित इस अध्ययन के परिणाम में बताया गया है कि खास प्रकार के रक्त परीक्षण से ट्यूमर से रक्त प्रवाह में रिलीज किए गए डीएनए का पता लगा सकता है। अब तक 7,800 से अधिक लोगों के परीक्षण में इस नए टेस्ट को 87% सटीक पया गया है। यहां पढ़िए पूरी खबर
--------------
स्रोत और संदर्भ
Deadly diets driving digestive diseases
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।